झज्जर। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से 3 दिवसीय जूनियर फेडरेशन प्रतियोगिता का आयोजन तुमकुर (कर्नाटक) में किया जा रहा है। इसमें झज्जर के अमन ने हैमर थ्रो में रजत पदक जीता।
मीडिया प्रभारी सत्यवीर धनखड़ और एथलेटिक्स हरियाणा के महासचिव प्रदीप मलिक ने बताया कि झज्जर के अमन ने हैमर थ्रो इवेंट में 67 मीटर 39 सैंटीमीटर की हैमर थ्रो कर एशियन जूनियर चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई कर रजत पदक जीता। उत्तर प्रदेश के अशुवेंद्र प्रताप सिंह ने 67 मीटर 87 सैंटीमीटर की थ्रो कर स्वर्ण पदक हासिल किया।
कार्तिक (उत्तरप्रदेश) ने 65 मीटर 8 सैंटीमीटर की थ्रो के साथ कांस्य पदक जीता। 5 किलोमीटर रेस वाक इंवेंट में योगिता हिसार (हरियाणा) ने 23 मिनट 27 सेकेंड और 32 माइक्रोन का समय देकर नया नेशनल रिकॉर्ड स्थापित कर रजत पदक जीतकर हरियाणा राज्य को दिया।
रंजना यादव (मध्यप्रदेश) ने 23 मिनट 22 सेकेंड और 12 माइक्रोन के समय के साथ नया नेशनल रिकॉर्ड बनाकर स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले जूनियर का नेशनल रिकॉर्ड मनीषा ने 2025 में भुवनेश्वर में 23 मिनट 43 सेकेंड और 58 माइक्रोन के समय के साथ बनाया था। कांस्य पदक मनीषा (राजस्थान) ने 23 मिनट 43 सेकेंड और 94 माइक्रोन के समय के साथ जीता।
एशियन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में क्वालिफाई करने वाले और नेशनल रिकॉर्ड स्थापित कर पदक जीतने वाले एथलीट खिलाड़ियों को राजकुमार मिटान सदस्य ग्रीवेंस कमेटी एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और दिलबाग सिंह अध्यक्ष एथलेटिक्स हरियाणा एवं अन्य पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं दीं।