फोटो 15 पुलिस की गिरफ्त में युवती सहित चार आरोपी। स्रोत: पुलिस
नारनौल। विवाद के चलते आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से युवक प्रदीप की जान ले ली और फिर उसे सड़क दुर्घटना का रूप देकर पुलिस को गुमराह करने की साजिश रची। थाना सदर महेंद्रगढ़ क्षेत्र के इस मामले का सीआईए की टीम ने पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिला पुलिस अधीक्षक दीपक ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सीआईए ने साइबर सेल की जांच के आधार पर साजिश का पर्दाफाश किया। गिरफ्तार आरोपी मुंडका (दिल्ली) निवासी राहुल व पलक, गांव किलोई (रोहतक) निवासी रोहित और गांव कासनी (चरखी दादरी) निवासी राजबीर हैं। चारों को पूछताछ के लिए चार दिन के रिमांड पर लिया गया है। एक मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
पहले सड़क हादसा लगा था मामला
18 नवंबर को थाना सदर महेंद्रगढ़ में गांव खेड़की निवासी धर्मबीर की शिकायत पर उसके भतीजे प्रदीप की मौत का मामला दर्ज हुआ था। प्रारंभिक परिस्थितियों में मौत सड़क दुर्घटना प्रतीत हो रही थी और इसी आधार पर परिजनों ने दुर्घटना की शिकायत दी थी।
लिफ्ट लेकर बाइक पर सवार हुई पलक, फिर रोक ली गई बाइक
पुलिस के अनुसार 18 नवंबर को योजना के तहत पलक ने बस अड्डे के नजदीक प्रदीप से लिफ्ट ली और उसकी बाइक पर सवार हो गई। खेड़की से आगे गुलावला नदी के पास आरोपियों ने अपनी गाड़ी बाइक के आगे लगाकर प्रदीप को रोक लिया और जबरदस्ती गाड़ी में डाल लिया। आरोपियों ने डंडों आदि से उसके सिर व छाती पर वार किए, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
हत्या के बाद नकली प्रदीप बनाकर रचा हादसे का नाटक
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के बाद आरोपियों ने उसे सड़क दुर्घटना दिखाने की सुनियोजित योजना बनाई थी। इसी के तहत राहुल ने प्रदीप की शर्ट पहनी और पलक को उसकी बाइक पर बैठाया ताकि दूर से बाइक चलाने वाला प्रदीप ही प्रतीत हो। आरोपी बाइक को महेंद्रगढ़ की तरफ ले जाते हुए रास्ते में उसकी हेडलाइट, वाइजर व हेलमेट को डंडों से क्षतिग्रस्त करते गए। महेंद्रगढ़ पहुंचने से पहले एक नर्सरी के पास प्रदीप के शव और बाइक को इस तरह रखा गया कि प्रथम दृष्टया घटना सड़क दुर्घटना लगे।