08jjrp01- बैठक में शामिल अधिवक्ता। स्रोत-बार एसोसिएशन
झज्जर। पिछले 17 साल से जिला मुख्यालय पर होने वाली रेवेन्यू कोर्ट केसों की सुनवाई अब रोहतक में मंडल स्तर पर होगी। रेवेन्यू कोर्ट अब जिला स्तर की बजाय मंडल स्तर पर चलेगी। इसका जिला बार एसोसिएशन ने विरोध किया है।
इसके विरोध में वीरवार को जिला बार के सभी अधिवक्ता वर्क सस्पेंड करेंगे। झज्जर के अलावा भिवानी, चरखीदादरी और सोनीपत के रेवेन्यू केसों की सुनवाई भी अब जिला मुख्यालयों की बजाय रोहतक मंडल स्तर पर की जाएगी। इसके लिए मंडल आयुक्त की तरफ से गत 19 सितंबर को बार एसोसिएशन के प्रधान को पत्र भी लिखा था। अब रेवेन्यू कोर्ट को रोहतक शिफ्ट कर दिया गया है जिसका जिला बार के अधिवक्ताओं ने विरोध जताया है।
मंडल आयुक्त की ओर से पहले जिला मुख्यालय पर लगाई जाने वाली रेवेन्यू कोर्ट में सप्ताह में 100 से अधिक मामलों पर सुनवाई होती थी। इसका फायदा आम जनता को जिला मुख्यालय पर मिल जाता था लेकिन अब सभी केसों की सुनवाई, फैसले, तारीख के लिए रोहतक मंडल आयुक्त रेवेन्यू कोर्ट में सुनवाई की जाएगी।
इसे लेकर बुधवार को जिला बार एसोसिएशन झज्जर में बार अध्यक्ष दीपक गोयल अधिवक्ता की अध्यक्षता में झज्जर बार की एग्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक हुई। इस मामले को लेकर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि एग्जीक्यूटिव कमेटी ने 17 साल से झज्जर कैंप में लग रही कमिश्नर अदालत को रोहतक शिफ्ट करने पर विरोध जताया है।
इसी विरोध में एग्जीक्यूटिव कमेटी के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से फैसला किया है कि कमिश्नर अदालत को रोहतक शिफ्ट करने के विरोध में झज्जर बार के अधिवक्ता वीरवार को हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।