बहादुरगढ़। एंटी नारकोटिक सेल झज्जर पुलिस ने बुपनियां में एक घर से सोने व चांदी के आभूषण चोरी के मामले में अजय निवासी बुपनिया को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण आरोपी की निशानदेही से बरामद किए गए हैं। बरामद किए गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये के करीब है।
बुपनियां गांव निवासी लक्ष्मीनारायण ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 19 मई की सुबह वे अपने घर पर ताला लगाकर काम पर चले गए थे। शाम को जब घर पहुंचे तो देखा कि घर के अंदर वाले दरवाजे का ताला टूटा हुआ है और अलमारियां खुली पड़ी थीं।
घर का सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि घर में रखें सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी हुए हैं। शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। सूचना के आधार पर पुलिस टीम आरोपी अजय निवासी बुपनियां तक पहुंचने में सफल रही। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया।
आरोपी पर दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी अजय पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में आधा दर्जन से अधिक लूटपाट, चोरी, छीना-झपटी और अवैध हथियार रखने सहित मामले दर्ज हैं। नारकोटिक सेल प्रभारी जितेंद्र ने बताया कि आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है तथा उससे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है।