राष्ट्रीय परिवर्तन पार्टी व महान दल दोनों आगामी लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे। दोनों ही दलों ने प्रदेश की सभी 80 सीटों पर किस्मत आजमाने का फैसला किया है।
पूर्व राज्य सभा सांसद व परिवर्तन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डीपी यादव ने कहा कि कुछ और दलों से समझौते की बात चल रही है। चुनाव से पहले कुछ और दल भी उनके साथ आ सकते हैं।
बुधवार को डीपी यादव ने कहा कि केंद्र व प्रदेश दोनों ही सरकारें हर मोर्चें पर फेल हो गई हैं। जिस लोकप्रियता के साथ प्रदेश में सपा की सरकार बनी थी उतनी ही जल्दी यह अलोकप्रिय हो गई है।
उन्हें सपा में शामिल न हो पाने का आज भी मलाल है। उन्होंने कहा कि आजम खां इस सरकार की बड़ी कमजोरी हैं। महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशवदेव ने कहा कि सपा सरकार पिछड़ों, अति पिछड़ों व अल्पसंख्यकों का उपयोग केवल वोट बैंक के रूप में करती है।