झज्जर। शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से गुरुग्राम रोड पर एक भव्य स्वागत द्वार बनाया जाएगा जिस पर 1.35 खर्च होंगे। इसी प्रकार सांपला रोड पर हाइवे के समीप चौराहे का सुंदरीकरण किया जाएगा। इसके लिए 1. 32 लाख का बजट रखा गया है।
नगर परिषद कार्यालय में बुधवार को वित्त एवं संविदा समिति (एफएंडसीसी) की बैठक में शहर के विकास कार्यों को लेकर लगभग 19 करोड़ 72 लाख 66 हजार रुपये के 33 विकास कार्यों को कमेटी ने वित्त एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की।
अब इनके टेंडर लगाए जाएंगे। बैठक की अध्यक्षता जिला नगर आयुक्त अभिनव सिवाच ने की जबकि नगर परिषद चेयरमैन जिले सिंह सैनी, वाइस चेयरमैन अंशुल प्रवीण गर्ग सहित अन्य व अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में गुरुग्राम रोड, छिकारा चौक से दादरी बाईपास और महाराजा अग्रसेन चौक से रमेश गैस एजेंसी तक सेंट्रल वर्ज का काम किया जाएगा। इस पर एक करोड़ 61 लाख 55 हजार की राशि खर्च होगी। इसी प्रकार गुरुग्राम रोड, बहादुरगढ़ रोड, महाराजा अग्रसेन चौक से रमेश गैस एजेंसी तक डैकोरेटिव पोल लगाए जाएंगे। इन पर 2 करोड़ 47 लाख 2 हजार रुपये की राशि खर्च होगी। साथ ही गुरुग्राम रोड, बहादुरगढ़ रोड, महाराजा अग्रसेन चौक से रमेश गैस एजेंसी से पंचनद चौक से होते हुए बैनीवाल चौक तक लगे पुराने पोल को शिफ्ट किया जाएगा। इन पर 44.43 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
शहर में लगी स्ट्रीट लाइट के ऑपरेशनल व मेंटेनेंस भी किया जाएगा। इसी प्रकार से कच्चा बादली रोड पर अंडरग्राउंड बरसाती पानी निकासी के लिए ड्रेन बनाई जाएगी। इस पर एक करोड़ 36 लाख 27 हजार रुपये खर्च होंगे।
इसी प्रकार शहर के एक से 10 और 11 से 19 वार्डों में रिपेयर व मरम्मत पर 50 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। शहर में नगर परिषद की तरफ से वाटर कूलर रखवाए जाएंगे, जजा पर 14.50 लाख रुपये खर्च होंगे।
भगत सिंह चौक से दादरी बाईपास तक दोनों तरफ बरसाती पानी निकासी के लिए लाइन डाली जाएगी, जिस पर 58.50 लाख रुपये खर्च होंगे। इसी प्रकार बेरी गेट से मिनी बाईपास दोनों तरफ से नालों का निर्माण किया जाएगा।
इसी प्रकार से एलआईसी कार्यालय से कोसली बाईपास तक दोनों तरफ से पाइप लाइन डाली जाएगी, जिस पर एक करोड़ 85 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा कोसली बाईपास से लाहली रिसोर्ट वार्ड नंबर-15 में नाले का निर्माण होगा, जिस पर 78.23 लाख रुपये खर्च होंगे। इसी प्रकार अलग-अलग वार्डों में सीसी और इंटरलॉक गलियों का निर्माण किया जाएगा।
शहर में बनाए जाएंगे बस क्यू शेल्टर
यात्रियों की सुविधा के लिए अलग-अलग स्थानों पर बस क्यू शेल्टर बनाए जाएंगे। फिलहाल शहर में बस क्यू शेल्टर कम बने हुए हैं। इस पर 80 लाख रुपये खर्च होंगे।
वर्जन
स्वीकृत राशि से शहर के सुंदरीकरण, सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने, सभी गलियों को पक्का करने, लाइटों की बेहतर व्यवस्था करने, प्रमुख चौराहों का सुंदरीकरण होगा। जल्द ही इन सभी के टेंडर जारी किए जाएंगे।
जिले सिंह सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद