चंडीगढ़। यह तो सेक्टर नाइन-डी है न... जवाब जब हां में मिला तो अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने तपाक से अर्जन कपूर की बांह पकड़कर खींची और कहा... अर्जुन देख... यही है मेरा सेक्टर नाइन। यहीं पर मैं हेयर कटिंग कराने आती थी। बड़ी गेड़ियां मारी हैं मैंने यहां। इतना सुनते ही तेज कदमों से अमर उजाला के दफ्तर की सीड़ियां चढ़ते अर्जुन ने कहा, हां...हां मैं भी घूमां हूं तेरा चंडीगढ़। फिर दोनों कलाकार खिलखिला उठे। कुछ ऐसी ही तफरीह करते हुए फिल्म ‘इशकजादे’ के नायक अर्जुन कपूर और नायिका परिणीति चोपड़ा सोमवार को अमर उजाला के दफ्तर पहुंचे।
परिणीति ने कहा कि जब वह अंबाला में रहती थीं, तो चंडीगढ़ उनका सबसे फेवरेट डेस्टिनेशन होता था। वह हर दूसरे दिन चंडीगढ़ गेड़ियां मारने आती थीं। फिल्म निर्माता-निर्देशक बोनी कपूर के बेटे और इशकजादे से बतौर अभिनेता शुरुआत करने वाले अर्जुन कपूर ने कहा कि वह भी बहुत साल पहले सलमान खान के साथ चंडीगढ़ आए थे। वह जनवरी का महीना था और यहां बहुत सर्दी थी। मेरी तो हालत खराब हो गई थी। यहां दोनों ने खूब मस्ती की। अर्जुन ने जब खुद को पंजाबी बताया तो परिणीति ने बोलीं कि असली पंजाबन तो मैं हूं। इस पर अर्जुन तपाक से बोले, नहीं वह तो जाट है। इस दौरान दोनों कलाकारों से स्मार्टेस्ट वूमेन की प्रतिभागियों ने कई सवाल पूछे। अमर उजाला के कार्यकारी संपादक (नार्थ) उदय कुमार ने दोनों का आभार जताया। दोनों कलाकारों ने 11 मई को रिलीज होने वाली फिल्म ‘इशकजादे’ देखने की अपील भी की।