चंडीगढ़। बेलगाम ऑडी द्वारा सोमवार रात को सेक्टर-17/18 की विभाजित सड़क को लांघकर टवेरा सवार तीन की जान लेने के मामले में आखिरकार प्रॉपर्टी डीलर रजत कपूर को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके अलावा हादसे के बाद उनकी मदद करने वाले चार अन्य युवकों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार पंचकूला के प्रॉपर्टी डीलर और रजत कपूर ही ऑडी चला रहे थे। हादसे के समय ऑडी में रजत का दोस्त गुरप्रीत और साला त्रिविक्रम सवार था। हादसे के बाद हरसिमरन और प्रबजीत कार लेकर आए और तीनों को अपने साथ लेकर चले गए। कार में सवार रजत के दोस्त गुरप्रीत पर सबूत मिटाने का मामला दर्ज हुआ है। गुरप्रीत ने ही कार में से बीयर की बोतलें बाहर फेंकी थीं।
फिर से मुआयना किया
परिजनों के प्रदर्शन के बाद डीएसपी आशीष कपूर और डीएसपी सतीश चंद्र ने घटनास्थल का फिर से मुआयना किया। शनिवार को इन्हें आईजी आरपी उपाध्याय को रिपोर्ट सौंपनी है। वीरवार को दो एफआईआर दर्ज करने पर जांच अधिकारी कुलदीप सिंह को निलंबित और सेक्टर 17 थाना प्रभारी रामगोपाल और सेक्टर 17 बस स्टैंड चौकी इंचार्ज हरमिंदर सिंह को लाइन हाजिर किया गया था। सेक्टर-17 थाने के नए प्रभारी दिलशेर चंदेल ने ज्वाइन कर लिया है। एसआईटी टीम ने रजत और चालक सुखपाल के मोबाइल लोकेशन भी निकाल लिए हैं।
नीलम तक पैदल आए रजत
इस हादसे में रजत कार में सवार अन्य आरोपियों के साथ नीलम सिनेमा तक आए थे, जहां उसके दोस्त आ गए। उसके बाद वह मोहाली स्थित अपने ससुर के घर चला गया।
बेल्जियम जाना था
अगर यह हादसा न होता तो अभी रजत अपनी पत्नी के साथ बेल्जियम में घूम रहे होते। वीरवार को रजत को अपनी पत्नी के साथ बेल्जियम घूमने के लिए जाना था। रजत और उनकी पत्नी ने डेंटल की डिग्री भी हासिल की है। दोस्तों के अनुसार रजत के पिता नार्थ इंडिया के मशहूर डेंटिस्ट थे, जिनकी मौत हो चुकी है।
मशहूर रियल इस्टेट कंपनी है ससुर की
रजत अपने ससुर के साथ ही प्रॉपर्टी का कारोबार करते हैं। रजत के ससुर एक मशहूर रियल इस्टेट कंपनी में निदेशक हैं। यह कंपनी पंजाब में कई कबड्डी मैचों को भी स्पांसर कर चुकी है।
हादसे के बाद से ही थी बचाने की कोशिश
पुलिस जांच में पहले दिन ही स्पष्ट हो गया था कि रजत ही कार चला रहे थे, लेकिन उसे बचाने के लिए सबूतों को मिटाने की कोशिश की गई और उन्हें नजरंदाज किया गया। रजत को गिरफ्तार करने के भी प्रयास नहीं किए गए उल्टा मृतक टवेरा चालक पर ही मामला दर्ज कर लिया। मंगलवार को रजत अपने ड्राइवर सुखपाल के साथ थाने में आए और ड्राइवर को फंसाकर खुद को बचाने की कोशिश की।
सेक्टर-21 से डलवाया पेट्रोल
सूत्रों का कहना है कि सेक्टर-10 में ही रजत ने बीयर पी थी। सेक्टर-21 में पेट्रोल डलवाने के लिए गए और वहां से पंचकूला जाने की योजना था। बताया जा रहा है कि इस पेट्रोल पंप से भी सीसीटीवी फुटेज लिए गए हैं।
चालक सुखपाल को पेश करने की बनी थी योजना
रजत के ड्राइवर सुखपाल को फंसाने की कोशिश और पुलिस द्वारा उसके खिलाफ मामला दर्ज करने की तैयारी करने की भी जांच हो रही है। वहीं, मृतक टवेरा चालक पर दर्ज मामला खारिज किए जाने की तैयारी है।
कोट..
यह स्पष्ट हो गया है कि ऑडी पंचकूला निवासी रजत ही चला रहा था। रजत सहित पांच को गिरफ्तार किया गया है। एसआईटी की टीम इस मामले में जांच रिपोर्ट तैयार कर रही है।
- आशीष कपूर, डीएसपी
मृतक के परिजनों ने किया हंगामा
इस हादसे में मरने वाले गाजियाबाद निवासी साहिल जुनेजा और हिमाचल स्थित धर्मपुर निवासी टैक्सी चालक हस्त बहादुर के परिवार के सदस्यों ने सेक्टर-17 थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया। परिजनों ने कहा कि पुलिस वालों ने जांच के दौरान कोताही बरती है। परिजनों के साथ डीएसपी आशीष कपूर ने बैठक की, लेकिन वे उनके सवालों का जवाब नहीं दे पाए। साहिल जुनेजा के पिता यश जुनेजा का कहना है कि आरोपी चालक रजत के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज होना चाहिए। पूर्व थाना प्रभारी राम गोपाल और जांच अधिकारी कुलदीप सिंह पर भी मामला दर्ज होना चाहिए, जिनकी वजह से मरने वालों पर भी मामला दर्ज हुआ है।