चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी स्थित माली के घर में वीरवार को एक लुटेरा घुस आया और उसकी पुत्रवधू को बंधक बनाकर सोने के जेवर लूटकर फरार हो गया। महिला का पति जब घर पर पहुंचा तो उसने अपनी पत्नी को कमरे से बाहर निकाला और मामले की सूचना पुलिस को दी। पीयू निवासी विकास की शिकायत पर सेक्टर 11 थाना पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पीयू स्थित मकान नं 57/ए निवासी विकास ने बताया कि बुधवार शाम को उसकी पत्नी अंजलि घर पर अकेली थी। इतने में एक युवक आया और उसका दोस्त कहकर अंदर घर में चला आया। घर के अंदर दाखिल होते ही लुटेरे ने उसकी पत्नी का मुंह बंद कर उसे कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद लुटेरा घर को खंगालते हुए वहां से लाखों रुपये के जेवर लेकर फरार हो गया। थोड़ी देर में जब वह घर पहुंचा तो पत्नी को कमरे में बंद पाया। उन्होंने कमरे का दरवाजा खोलकर उसे बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। अभी वे यह चेक कर रहे हैं कि लुटेरा घर से क्या-क्या ले गया है।
इससे पहले भी पीयू स्थित घरों में महिला को अकेला पाकर लूट की वारदात हो चुकी है। इसके बावजूद यहां पर सिक्योरिटी नहीं बढ़ाई जा रही। इसे लेकर भी कर्मचारियों में रोष है।