बेरी के दूबलधन मार्ग स्थित संत शिरोमणि बाबा हरिदास दल्ला धाम में शनिवार को दो दिवसीय दंगल का शुभारंभ हुआ। पहले दिन हरियाणा और आसपास के राज्यों से पहुंचे करीब 400 पहलवानों ने विभिन्न भार वर्गों में कुश्ती लड़ी।
विज्ञापन
दंगल का शुभारंभ बाबा रामदास उर्फ राजू और पूर्णदास ने रिबन काटकर व पहलवानों का हाथ मिलवाकर किया। बाबा रामदास ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से हर वर्ष दंगल और भंडारे का आयोजन किया जाता है। बाहर से आने वाले पहलवानों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था धाम की ओर से की गई है।
पहले दिन अंडर-11, अंडर-15 और अंडर-20 आयु वर्ग में विभिन्न भार वर्गों के मुकाबले हुए। इनमें 28 से 75 किलोग्राम तक के पहलवानों ने भाग लिया। इन मुकाबलों के सेमीफाइनल और फाइनल रविवार को होंगे। कोच बिट्टू बाघपुर ने बताया कि पहले दिन कई रोमांचक मुकाबले हुए। इस अवसर पर देवेंद्र दूबलधन, प्रदीप ढराणा, संजीत डीघल, कैलाश कबूलपुर, आकाश और संजीत दूबलधन मौजूद रहे।