बकेवर। बिजली बिल बकाया को लेकर चलाई जा रही छूट योजना के लिए बकेवर उपखंड में मात्र दो हजार लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। जबकि क्षेत्र में बकायेदारों की संख्या लगभग 17,500 से अधिक है। बिजली निगम इस योजना के तहत गांवों में भी कैंप लगा रहा है लेकिन रजिस्ट्रेशन कराने वाले यहां नहीं पहुंच रहे हैं।
बिजली बकायेदारों के लिए बिजली निगम ने बकाया बिल पर सौ फीसदी ब्याज की छूट देते हुए योजना चलाई है। योजना के तहत बिजली बिल का बकाया जमा करने वाले को ब्याज की पूरी छूट दी जाएगी। इसके साथ ही मूलधन पर भी 25 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। यदि उपभोक्ता बकाया राशि एक मुश्त 31 दिसंबर तक जमा करता है तो उसे इसका लाभ मिलेगा। इसके लिए बकेवर उपखंड के तहत बिजली घर बकेवर व आसपास गांवों में भी योजना के तहत कैंप लगवाए गए हैं।
अभी तक बकेवर उपखंड में इस योजना का लाभ लेने के लिए दो हजार लोगों ने ही अपने रजिस्ट्रेशन कराए हैं और इनमें से ढाई करोड़ रुपये का बकाया जमा भी किया जा चुका है। इसके बाद भी अभी तक 15 हजार से अधिक ऐसे उपभोक्ता हैं, जिन्होंने योजना के तहत बकाया जमा करने के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है।
उपखंड अधिकारी संत कुमार वर्मा ने बताया कि 18 दिसंबर तक 2038 बिजली उपभोक्ताओं ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। बकेवर उपखंड के तहत बकेवर के दो व लखना, बहादुरपुर, महेवा, निवाड़ी कला, ढकाताल उपकेंद्र आते हैं। इस क्षेत्र के 17 हजार 678 उपभोक्ता ऐसे बकाएदार है जिन्हें योजना के तहत छूट मिल जाएगी लेकिन इसके बाद भी वह बकाया जमा करने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। उन्होंने उदहारण के तौर पर बताया कि बिजौली गांव में 276 बकायेदार हैं लेकिन मात्र 20 ने ही रजिस्ट्रेशन कराया है।