मसूरी। वेव सिटी क्षेत्रांतर्गत स्कूटी व ऑटो से पशुओं का कटान कर मांस आपूर्ति करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मौके पर मिले मांस को परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। पशु प्रेमी सुमित शर्मा ने छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि जीवों के प्रति रक्षा एवं संरक्षण का कार्य करने वाले सुमित शर्मा पुत्र गजेन्द्र शर्मा निवासी रईसपुर मधुबन बापूधाम ने थाना वेव सिटी में आरोपियों के खिलाफ पशुओं को जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। सुमित का कहना है कि चलते रास्ते पर उन्होंने देखा कि स्कूटी व टेंपो से खून टपक रहा था, जब उन्हें रोककर देखा तो स्कूटी पर दो बोरी व टेंपो पर तीन बोरी में पशुओं का मांस रखा था। आरोपियों के वाहनों को सन सिटी गेट के सामने व काजीपुरा कट के पास भारत धर्म कांटे के सामने रोका गया। आरोपियों ने अपने नाम इकबाल पुत्र इखलाक निवासी स्टेट बैंक वाली गली दादरी गौतमबुद्धनगर और इसपाक पुत्र इश्तयाक निवासी फतेहउल्लापुर रोड अलीबाग मेरठ बताए हैं। बताया कि वे यह मांस हापुड़ स्थित रामपुर रोड निवासी आरिफ पुत्र हनीफ से लेकर आए थे, मांस को वह खोड़ा स्थित नदीम और दादरी स्थित जीशान के पास लेकर जा रहे थे। मौके पर भीड़ जमा हो गई। आरोपियों को थाना वेव सिटी पहुंचाया गया। आरोपियों ने बताया कि पशुओं को जहर देकर मारा जाता है। मौके पर मौजूद यह मांस भी मृत पशुओं का ही है।
सुमित शर्मा ने बताया कि ये अपराधी किस्म के लोगों का गिरोह है जो पूरे एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय है। सुमित ने पुलिस को तहरीर देकर इकबाल, इसफाक, आरिफ पुत्र हनीफ, नदीम, अरशद व जीशान के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। एसीपी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच-पड़ताल कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।