छत्तीसगढ़ में जल्द ही नगर निकाय के चुनाव होने वाले हैं। जाहिर सी बात है राजनीतिक पार्टियां हर एक कार्यकर्ता को टिकट नहीं दे सकती। इस कारण कभी-कभी कार्यकर्ताओं का विरोध भी झेलना पड़ता है। ऐसा ही दुर्ग जिले में भाजपा पार्टी कार्यालय में हुआ, यहां एक महिला कार्यकर्ता ने रविवार को जमकर हंगामा किया। वह नगर निकाय चुनाव में टिकट न मिलने से नाराज थी।
जब महिला हंगामा कर रही थी तो उस वक्त प्रदेश के वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। इससे जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें दिखाया जा रहा है कि नाराज भाजपा महिला कार्यकर्ता पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडे और वैशाली नगर के विधायक विद्यारतन भसीन सहित वरिष्ठ नेताओं के सामने ही कुर्सी फेंक रही है और चिल्ला रही है कि मेरा टिकट कहां है?
नगर निगम चुनाव में पैसे लेकर टिकट देने का आरोप लगाया
महिला ने हंगामा उस वक्त किया जब दुर्ग जिले के भिलाई शहर के सुपेला इलाके में भाजपा कार्यलय में 20 दिसंबर को होने वाले चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा चल रही थी। इस दौरान नाराज सुमन उन्नी वहां पहुंच गईं और टिकट न मिलने पर पार्टी पर पैसे लेकर नगर निगम चुनाव में टिकट देने का आरोप लगाया।
भाजपा ने आरोपों का किया खंडन
भाजपा ने इस वार्ड से रीता यादव को चुनाव मैदान में उतारा है। चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख तीन दिसंबर थी। आरोपों का खंडन करते हुए पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडे ने कहा कि टिकट नहीं मिलने के बाद उन्नी ने निराधार आरोप लगाए हैं।
20 दिसंबर को होंगे चुनाव और 23 दिसंबर को होगी वोटों की गिनती
राज्य में चार नगर निगमों सहित 15 नगरीय निकायों में आम चुनाव 20 दिसंबर को होंगे। 16 नगर निकायों के 17 वार्डों में उपचुनाव होंगे। वोटों की गिनती 23 दिसंबर को होगी।