छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज ने आज एक बार फिर से अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा है। मांग पूरी नही होनें की स्थिति में सड़क में उतरकर चक्काजाम करने की चेतावनी भी दी गई है। छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के सदस्यों ने बताया कि छाल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुडेकेला, तरेकेला, नवापारा, बेहरामुडा, पुसल्दा, ऐडु, चंद्रशेखरपुर, बोजिया के अलावा आसपास के कई अन्य गांव के ग्रामीणों को बीते कई साल से कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अपनी जायज मांगों को लेकर एक के बाद तकरीबन तीन साल तक ज्ञापन सौंपने के बावजूद उनकी समस्या जस की तस बनी हुई है।
छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज ने अपने ज्ञापन में कहा है कि छाल क्षेत्र एक लंबे अर्से से हाथी प्रभावित इलाका रहा है। क्षेत्र में लगातार बढ़ते हाथी से जनहानि के अलावा फसल नुकसान से गांव के किसान प्रभावित हो रहे हैं उनकी मांग है कि किसानों को फसल नुकसान के एवज में उचित मुआवजा दिया जाये। धूल चैक बांधापाली से नवापारा तक 03 किलोमीटर तक की सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी चुकी है, तत्काल उसका निर्माण किया जाये। खरसिया-पत्थलगांव मुख्य मार्ग ऐडु पुल से छाल हाटी धरमजयगढ़ तक सड़क मरम्मत किया जाये। छाल-गड़ईबहरी की सीमा से लगे विदेशी शराब दुकान को विस्थापन किया जाये। इसके अलावा पुरूंगा में कोल माईन्स को तत्काल निरस्त की जाये।
छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज ने 08 अक्टूबर तक पांच सूत्रीय मांग पूरी नही होनें की स्थिति में आगामी 09 अक्टूबर को छाल क्षेत्र के खेदापाली चौक में चक्काजाम करने की बात कही है जिसकी संपूर्ण जवाबदारी शासन-प्रशासन की होगी।