छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बीती रात एनएच 49 में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक ग्रामीण की मौत हो गई। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला कोतरा रोड़ थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, तमनार क्षेत्र के ग्राम टांगरघाट का रहने वाला ग्रामीण बिखारीलाल सारथी 49 साल कल अपने जीजा के घर गेंजामुड़ा पहुंचा था। परिजनों ने बताया कि बिखारीलाल बीती रात 8 बजे के आसपास पैदल ही किसी काम के सिलसिले में धनागर जा रहा था।
जब वह एनएच 49 में पहुंचा ही था कि अज्ञात वाहन के चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उसे जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई है। जिसके बाद घायल बिखारीलाल को तत्काल उपचार के लिये जिला अस्पताल लाया गया, जहां मौके पर मौजूद चिकित्सक ने प्रारंभिक जांच के दौरान ही उसे मृत घोषित कर दिया।