पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
बिलासपुर जिले में सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के कोरमी गांव में 25 सितंबर को हुई एक व्यक्ति की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने मृतक के पड़ोसी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि युवक अपने पड़ोसी के साथ आये दिन गाली-गलौज और वाद विवाद करता था, जिससे तंग आकर पड़ोसी ने युवक की हत्या कर दी थी।
सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के कोरमी गांव में 25 सितंबर की रात गांव के रहने वाले सुखनंदन धूरी की कुर्सी पर बैठे हुए लाश मिली थी। सुखनंदन की हत्या की गई थी। हत्या की जानकारी लगने पर इलाके में दहशत फैल गई। मामले मे मृतक के छोटे भाई रघुनंदन धूरी ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस को दी तहरीर में रघुनंदन धूरी ने बताया कि उसका बड़ा भाई सुखनंदन धूरी की किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर के भीतर घुसकर धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। साथ ही टीम गठित कर आरोपी की तलाश मे जुट गई।
पुलिस ने मृतक के परिजनों के शिकायत के आधार पर संदेहियों को सबूत इकठ्ठे करके आरोपी पड़ोसी ओमप्रकाश मरकाम को हिरासत में ले लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर ओमप्रकाश मरकाम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि सुखनंदन धूरी केआये दिन शराब के नशे में उसके परिवार से गाली-गलौज करता था। बर्दाश्त से बाहर होने पर आरोपी ने लोहे के चापड़ और नुकीले राड से मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।