मरवाही थाना क्षेत्र अंतर्गत केलोहारी के नवाटोला इलाके में जमीन बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान युवक ने अपने नाना के भाई पर टांगिया से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने बुजुर्ग को इलाज के लिए रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल रिश्तेदार की अस्पताल में मौत हो गई। अस्पताल से मिले मेमू के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, नवाटोला इलाके में रहने वाले धरमपाल सिंह पाव उर्फ नानदाऊ और उसके नाना के भाई चैतू सिंह पाव का जमीन बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। घटना के दिन भी जब दोनों घर पर थे, तभी चैतू सिंह पाव और धरमपाल सिंह दोनों का आपस में जमकर विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी धरमपाल ने अधजली लकड़ी से चैतू सिंह पर वार कर दिया। इसके बाद परिजनों ने गंभीर रूप से घायल चैतू सिंह को पहले जिला अस्पताल और उसके बाद डॉक्टरों के कहने पर बेहतर इलाज के के लिए रायपुर के मेकाहारा में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान चैतू सिंह पाव की मौत हो गई।
अस्पताल से मिले मेमू और मर्ग डायरी मिलने के बाद उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत कराकर मरवाही थाना पुलिस ने लोहारी के नवाटोला में रहने वाले धरमपाल सिंह पाव उर्फ नानदाऊ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। आरोपी के घर में दबिश देते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त लकड़ी को जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।