छात्रावास प्रभारी अधीक्षक और महिला को हिरासत में लेकर जाती पुलिस।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
छत्तीसगढ़ के कोरबा में प्री-मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास के प्रभारी अधीक्षक प्रदीप कुमार टोप्पो को महिला के साथ रंगरेलियां मनाते पकड़ा गया है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने महिला और प्रभारी अधीक्षक को हिरासत में थाने ले गई। जहां पर महिला के ससुर ने दोनों के खिलाफ शिकायत की है। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रभारी अधीक्षक टोप्पो को निलंबित कर दिया है।
आपत्तिजनक हालत में देख छात्रों ने बाहर से लगाया ताला
जानकारी के मुताबिक, लैंगी गांव स्थित प्री- मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास में प्रदीप कुमार टोप्पो सहायक शिक्षक के रूप में पदस्थ थे। उन्हें अधीक्षक नहीं होने के चलते उनका भी प्रभार मिला हुआ था। आरोप है कि प्रदीप टोप्पो शनिवार रात एक महिला को लेकर हॉस्टल पहुंचे थे। कमरे में महिला के साथ उनको आपत्तिजनक हालत में देखकर कर्मचारियों और छात्रों ने बाहर से ताला लगा दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।
रात भर कमरे में बंद रखा था छात्रों ने
आदेश में कहा गया है कि, 21 जनवरी की रात करीब 9.30 बजे प्री मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास लैंगी, विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा में प्रदीप कुमार टोप्पो एक लड़की को अश्लील कार्य के लिए लेकर आए। इसके बाद रात 11.30 बजे छात्रावास में रहने वाले छात्रों ने उनके कमरे के बाहर ताला लगा दिया। पसान थाना पुलिस ने 22 जनवरी को अधीक्षक के कमरे का ताला खोला और लेकर गई। इसका प्रतिवेदन प्राप्त हुआ।
खड़ शिक्षा अधिकारी कार्यालय पाली से किया अटैच
आदेश में आगे कहा गया है कि, सहायक शिक्षक प्रदीप कुमार टोप्पो का यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) के विपरीत पाया गया है। जिसे देखते हुए प्रदीप कुमार टोप्पो को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में सहायक शिक्षक टोप्पो का मुख्यालय कार्यालय विकास खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पाली होगा। निलंबन अवधि में उनको नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।