एसपी एम आर अहिरे ने लोगों के मोबाइल लौटाए।
- फोटो : संवाद
छत्तीसगढ़ के सक्ती में पुलिस ने लोगों के खोए हुए मोबाइल लौटाए तो उनके चेहरे पर मुस्कान आ गई। ऐसे करीब 60 लोगों के मोबाइल थे, जो उनको वापस मिले। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से इन मोबाइल को तलाश कर बरामद किया। इनमें से कई मोबाइल चोरी हो गए थे, तो कई खो गए थे। बरामद मोबाइल की कीमत करीब नौ लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अफसरों ने बताया कि, लोगों के मोबाइल लौटाने के लिए 'एक प्रयास, आपका गुम मोबाइल, आपके पास' नाम से अभियान शुरू किया गया है।
पुलिस अधीक्षक एमआर अहीरे ने बताया कि, अभियान के तहत आवेदकों से उनके गुम मोबाइल के मिले आवेदन सभी थाना में दर्ज कराए गए थे। इन्हें बरामद कर लोगों को लौटा दिया गया। उन्होंने कहा की किसी भी दुकानदार या व्यक्ति से बिना बिल जिसमें आईएमइआई नंबर ना लिखा हो, उसे ना खरीदें। हो सकता है वह मोबाइल चोरी का हो या किसी अन्य घटना में उपयोग किया गया हो। इस तरह के कृत्य में शामिल होना पाए जाने पर संबंधित दुकानदार या व्यक्ति पर कड़ी कार्यवाही की जा सकती है।