नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अंतर्गत 27 जुलाई से 10 अगस्त तक जन समस्या निवारण पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। इस पखवाड़े का उद्देश्य छत्तीसगढ़ के सभी नगरीय निकायों में नागरिकों की विभिन्न समस्याओं का त्वरित निवारण करना है। इसके तहत डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, पेयजल, लाइट, सड़क, नाली, मरम्मत, निर्माण कार्य, आवास संबंधी आवेदन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, संपत्ति कर, नामांतरण, भवन निर्माण अनुमति, नियमितीकरण, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राजस्व प्रकरण इत्यादि समस्याओं का यथाशीघ्र समाधान किया जाएगा।
कोंडागांव में इस अभियान को विशेष रूप से संचालित किया जा रहा है। कोंडागांव के 22 वार्डों में जन समस्या निवारण पखवाड़ा का आयोजन 27 जुलाई से 10 अगस्त तक किया जा रहा है। इस संदर्भ में कार्यक्रम के नोडल अधिकारी ने जानकारी दी कि 27 जुलाई, 30 और 31 जुलाई तक कोंडागांव नगरीय निकाय के एक से आठ नंबर वार्डों में अब तक जन समस्या निवारण शिविर लगाए जा चुके हैं। इन शिविरों में विभिन्न समस्याओं से संबंधित कुल 186 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 114 प्रकरणों का तत्काल मौके पर ही संबंधित विभागों द्वारा निराकरण किया गया है।