मुख्यमंत्री ने विभागीय स्टॉल का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सुकमा छिंदगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में विभागीय स्टॉल का निरीक्षण के दौरान हितग्राही मूलक योजनाओं के सामग्रियों का वितरण किया। जिसमें 70 हितग्राहियों को वन अधिकार मान्यता प्रमाण पत्र, वन संसाधन अधिकार मान्यता पत्र समुदाय को दिया। समाज कल्याण विभाग द्वारा सोलर चलित मोटर ट्राई सायकल प्रदान किया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मिलेट्स से बने पोषण आहार का वितरण की जानकारी देते हुए पोषण वाटिका में उपलब्ध स्थानीय फल व सब्ज़ियों को प्रदर्शित किया गया।
सुकमा विकास के पथ पर चल रहा है- सीएम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज सुकमा जिले के छिंदगढ़ में आयोजित आमसभा कार्यक्रम में शामिल हुए। बघेल ने इस अवसर पर सुकमा जिले को 273 करोड़ 28 लाख रूपए से अधिक राशि के 137 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर सौगात दी। मुख्यमंत्री ने आमसभा में छिंदगढ़ में रेस्ट हाउस और तालनार में 30 बिस्तर वाले अस्पताल के निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने यहां आमजनों की सुविधाओं में वृद्धि करते हुए पोरदेम मार्ग में पुलिया निर्माण, मनकापाल से पुसेर मार्ग स्थित मलगेर नदी में पुलिया निर्माण, हम्मीरगढ़ से लिटीरास के बीच बारू नदी में पुलिया निर्माण, सुकमा जिले के मनकापाल, किस्टाराम, जगरगुंडा, बस्तर जिले के पोटानार, धुरागांव गूमड़पाल में धान खरीदी केंद्र के निर्माण की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने रोकेल से पेदारास के मध्य बारू नदी पर पुलिया निर्माण और केरलापाल से पोंगा भेज्जी मार्ग स्थित रेवड़ी नाला में पुलिया निर्माण की भी घोषणा की। आमसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि पहले सुकमा और छिंदगढ़ की स्थिति क्या थी, इन पांच सालों में क्या परिवर्तन आया था, इसे आप से ज्यादा कोई नहीं जान सकता। पिछले समय मैं भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में आया था बहुत सारे अपने निर्माण कार्य, बहुत सारे आजीविका के कार्यों और साथ ही स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल की मांग की थी। सुकमा वो जगह थी जहां लोग दिन में भी दरभाघाटी क्रास (पार) करके आने से डरते थे और आज रात को भी मोटरसाइकिल से आते जाते हैं।
यहां के आवागमन में परिवर्तन हुआ है। छिंदगढ़ का आज ऐसा कोई गांव नहीं है जो पक्की सड़क से ना जुड़ा हो। सुकमा ब्लॉक के अधिकांश गांव पक्की सड़क से जुड़ चुके हैं। कोंटा में भी अब कच्चे मार्ग का निर्माण तेजी से हो रहा है। पक्की सड़कों का निर्माण हो रहा है। गिट्टी, मुरुम का कार्य हो रहा है। पुल-पुलिया का निर्माण लगातार जारी है। जो स्कूल बंद थे, उन्हें हमने फिर से शुरू करवा दिए।