जगदलपुर में शहर के इतवारी बाजार में रहने वाले हमाल की एक दिन पहले मौत हो गई। पहले तो उसकी पहचान नहीं हो सकी, लेकिन बाद में उसकी शिनाख्त ओडिसा निवासी के रूप में की गई। लेकिन जब परिवार के लोगों को सूचना दी गई गई तो उन्होंने जगदलपुर आने से मना कर दिया। जिसके बाद दोस्तों ने हो परिवार का फर्ज अदा करते हुए मृतक का कफन- दफन कर उसका अंतिम संस्कार किया।
मामले की जानकारी देते हुए संजय मार्केट चौकी प्रभारी एएसआई प्रेम पानीग्रही ने बताया कि 28 सितंबर को संजय मार्केट के चावल लाइन में बंद पड़े दुकान के पास एक 37 वर्षीय युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए उसके फोटो को सभी थाना चौकी प्रभारियों को भेज किसी युवक के गुमशुदगी की जानकारी मांगी। पतासाजी में पुलिस को जानकारी मिली कि मृतक ओडिसा निवासी विजय बघेल पिता स्व भगवान बघेल 37 वर्ष है।
पुलिस ने किसी तरह मृतक के परिजनों को संपर्क कर उन्हे विजय की मौत की जानकारी दी लेकिन परिजनों ने विजय से कोई संबंध नहीं होने की बात कहते हुए जगदलपुर आने से इंकार कर दिया। पुलिस ने मृतक के मोहल्ले में जब विजय की मौत की बात बताई तो मोहल्ले के महादेव, दुर्जन, प्रेम, पिलुराम ने बताया की विजय बचपन से हमारे ही साथ रह रहा था। उसके माता- पिता की मौत के बाद भी उसने शादी नही की और संजय मार्केट में ही हमाल का काम करता था। अगर उसके परिजनों ने उसके शव को ले जाने के साथ ही अगर अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया है तो उसके दोस्त ही उसका परिवार हैं और पूरा काम उन्ही के द्वारा किया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद विजय का अंतिम संस्कार किया गया।