छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भले ही यह संकेत मिल गए हों कि उनकी कुर्सी सलामत है और सत्ता के ढाई-ढाई साल के बंटवारे पर अमल नहीं किया जाएगा, लेकिन अभी भी राज्य की सियासत में गफलत छाई हुई है।
यही कारण है कि मंगलवार को दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस. सिंह देव अभी भी वहीं टिके हुए हैं। जानकारी के मुताबिक दोनों नेता आज कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल से अलग-अलग मुलाकात करेंगे। सूत्रों की मानें तो इसके बाद भूपेश बघेल की मुलाकात सोनिया गांधी से भी हो सकती है।
मंगलवार को राहुल गांधी से हो चुकी है मुलाकात
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और वरिष्ठ मंत्री टीएस. सिंह देव मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मिल चुके हैं। उनके साथ में प्रभारी पीएल. पुनिया भी मौजूद थे। यह बैठक करीब तीन घंटे तक चली थी। सूत्रों की मानें तो बैठक में स्पष्ट रूप से कहा गया था निर्णय होने तक चर्चा को सार्वजनिक न किया जाए। यही कारण था कि बैठक के बाद तीनों मंत्रियों ने बयान दिया कि उनकी सत्ता को लेकर कोई चर्चा ही नहीं हुई। हालांकि, यह बात भी सामने आई कि राहुल ने भूपेश बघेल और टीएस. सिंह देव को संकेत भिजवाया था कि वे बुधवार तक दिल्ली में ही रुकें।
बढ़ सकती है टीएस. सिंह देव की ताकत
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस हाईकमान के पास मामला जाने के बाद यह तो साफ हो गया है कि मुख्यमंत्री की कुर्सी पर कोई खतरा नहीं है, लेकिन छत्तीसगढ़ सरकार में स्वास्थ्य मंत्री टीएस. सिंह देव की ताकत को बढ़ाया जा सकता है। माना जा रहा है कि मुलाकात के बाद जल्द ही नया मंत्रिमंडल सामने आ सकता है। इसमें टीएस. सिंह देव के खेमे के एक विधायक की एंट्री हो सकती है।