भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत शनिवार को डोंगरगांव पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को 80 करोड़ 27 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने लाल बहादुर नगर को नगर पंचायत बनाने की घोषणा की। साथ ही कहा कि यहां स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोला जाएगा। इसके अलावा ग्राम आलीवारा में किसान सुविधा केंद्र, हाईस्कूल का हायर सेकंडरी स्कूल में उन्नयन और मांगी खुटा जलाशय निर्माण और जमारी डायवर्सन क्रमांक 2 के प्रशासकीय स्वीकृति भी जारी करने की घोषणा। इसके अलावा माटेकसा से पिनकापार वृहद पुल निर्माण की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि जनप्रतिनिधि और अधिकारी दोनों मेरे साथ आए हैं।विधानसभा में बैठकर हम योजना बनाते हैं और सचिवालय में इस पर बारीकी से कार्य होता है। फिर जिला प्रशासन इसे कार्यान्वित करता है। यहां ठीक से कामकाज हो रहा है या नहीं ये जानने आया हूं। उन्होंने कहा कि, राजीव गांधी किसान न्याय योजना इसलिए लाई गई है ताकि किसानों की उपज को उचित मूल्य मिल सके। कोदो कुटकी का समर्थन मूल्य तय किया। सबके राशन कार्ड को आधार कार्ड से लिंक कर दिया। सबका राशन कार्ड बन गया।
सीएम ने चिटफंड कंपनियों के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि, अनेक निवेशकों को इन्होंने क्षति पहुंचाई है। झूठे वादे किए और लोगों को नुकसान पहुंचा। हमने निदेशकों को गिरफ्तार करवाया। इन कंपनियों की संपत्ति खंगाली। राजनांदगांव में 19 हजार लोगों के 15 करोड़ रुपये वापस हुए। देश में पहली बार निवेशकों की राशि वापस हुई। इससे पहले मुख्यमंत्री ने प्राचीन हनुमान मंदिर और सांईं मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की। यह मंदिर करीब 100 साल पुराना है। ग्रामीणों ने बताया कि प्राचीन हनुमान मंदिर में मनोकामना और सिद्धि के लिए पूजा अर्चना की जाती है।
यह भी पढ़ें...
Rajnandgaon: सीएम बघेल भेंट मुलाकात कार्यक्रम में होंगे शामिल, करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की देंगे सौगात
इसके बाद मुख्यमंत्री बघेल हेलीकॉप्टर से ग्राम अर्जुनी पहुंचे, जहां किसान दिलीप धनपाल के घर भोजन किया जिसके बाद ग्राम अर्जुनी में आयोजित भेंट मुलाकात कार्यक्रम में पहुंचे। जहां उपस्थित ग्रामीणों से उनकी समस्या सुनी और उनके तत्काल निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही उन्होंने मोबाइल जनसेवा वाहन का उद्घाटन किया और ग्रामीणों की मांग पर सीएम ने अर्जुनी में कॉलेज खोलने की घोषणा की।
एक मुलाकात कार्यक्रम के दौरान सीएम भूपेश बघेल ने ग्रामीणों से चेहरा को नहीं जलाने मवेशियों को खुला ना छोड़ने और रासायनिक उर्वरकों खादों का इस्तेमाल न करने और वर्मी कंपोस्ट का इस्तेमाल करने की अपील की। इससे पहले डोंगरगढ़ हैलीपैड पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का स्थानीय विधायक दलेश्वर साहू, विधायक खुज्जी छन्नी साहू सहित कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारियों ने स्वागत किया।
लालबहादुर नगर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत 77 हितग्रहियो को मोटराइज्ड साइकल, ट्राईसाइकिल, पोषण कीट, सिलाई मशीन, गैस सिलेंडर, बीज सहित विभिन्न सामग्रियों का वितरण किया।
मुख्यमंत्री विधानसभा क्षेत्र में 80 करोड़ 27 लाख रूपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। जिसमें 74 करोड़ 80 लाख 96 हजार रूपए के 61 कार्यों का भूमिपूजन एवं 5 करोड़ 46 लाख 9 हजार रूपए के 5 कार्यों का लोकार्पण करेंगे।