इसके साथ ही मुख्यमंत्री बघेल ने राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद में कथित भ्रष्टाचार को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि सरकार इसे लेकर शांत क्यों है और इसकी जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) का गठन क्यों नहीं किया है। उन्होंने दावा किया कि राफेल सौदा अब एक अंतरराष्ट्रीय मुद्दा बन चुका है।
बघेल ने कहा, 'राहुल गांधी बार-बार राफेल सौदे का मामला उठाते रहे हैं। पिछले लोकसभा चुनाव से पहले भी उन्होंने प्रमुखता से यह मुद्दा उठाया था। अब यह एक अंतरराष्ट्रीय मुद्दा बन गया है और चाहे फ्रांस हो या कोई अन्य देश, वहां की सरकारों ने इसे लेकर कार्रवाई की है। लेकिन, क्या कारण है कि भारत सरकार इस पर अभी भी चुप है?'
मुख्यमंत्री ने कहा, 'राहुल गांधी ने राफेल सौदे की जांच के लिए एक जेपीसी का गठन किए जाने की मांग की है। अगर इन लड़ाकू विमानों की खरीद में कोई अनियमितता नहीं हुई है तो केंद्र सरकार जेपीसी का गठन करने में झिझक क्यों रही है?' उन्होंने केंद्र पर आरोप लगाया कि जनता की मेहनत की कमाई का दुरुपयोग किया जा रहा है।