छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शुक्रवार को चना और सीमेंट से भरे दो ट्रकों में टक्कर हो गई। हादसे में चना लेकर जा रहे ट्रक के चालक को गंभीर चोट आई है। टना हिर्री थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। इस बीच सुबह होते ही लोगों के बीच ट्रक में भरे चने की बोरियों को ले जाने की होड़ मच गई। देखते ही देखते ग्रामीणों ने 982 बोरी चना ट्रक से उठा ले गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें ग्रामीण ट्रक पर चढ़कर चने की बोरियां निकालते और लेकर जाते दिख रहे हैं। ट्रक से चना गायब होने पर फर्म के मालिक ने थाने में चोरी का केस भी दर्ज कराया है।
जानकारी के मुताबिक, बलौदाबाजार के सुहेला थाना क्षेत्र के हिरमी निवासी भीमसेन यादव ट्रक चालक हैं। बुधवार की रात करीब नौ बजे वह ट्रक (सीजी 04 एचडब्ल्यू 4127) में सीमेंट फैक्ट्री से सीमेंट लेकर पेंड्रा रोड जाने के लिए निकले थे। रात करीब एक बजकर 20 मिनट पर वह हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम बेलमुण्डी के आगे मेनरोड पहुंचे थे, तभी नेशनल हाईवे में ट्रक का टायर फट गया। इसलिए ट्रक को सड़क किनारे खड़ा करना पड़ा। जब वह टायर बदल रहा था, तभी ट्रक (CG 07 एएक्स 9803) ने पीछे से सड़क किनारे ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। इस ट्रक में चने की बोरियां लदी हुई थीं। घटना में चना लेकर जा रहा चालक राज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सिम्स भेजा गया। चालक भीमसेन की रिपोर्ट पर पुलिस ने ठोकर मारने वाले चालक राजकुमार के खिलाफ केस दर्ज किया है।
बताया जा रहा है कि चना राजनांदगांव के बसंतपुर स्थित हरिओम शक्ति इंडस्ट्रीज के मालिक राहुल माखीजा का है। टीआई बृजलाल भारद्वाज ने बताया कि राहुल की रिपोर्ट पर चोरी का केस दर्ज किया गया है। बिलासपुर के अपर एसपी उमेश कश्यप ने बताया कि हिर्री थाना क्षेत्र में हाईवे पर दो ट्रक आपस में टकरा गए। एक ट्रक में चना लदा था। बताया जा रहा है कि वहां से गुजर रहे लोगों और आसपास के ग्रामीणों ने चने की बोरियां वहां से उठाई हैं। चोरी व दुर्घटना का मामला दर्ज जल्द चोरी का माल बरामद किया जाएगा।