कोरोनाकाल की योजनाओं ने दिलाया ये मुकाम
राज्य में कांग्रेस सरकार के शासन में आने के बाद बघेल ने कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। इनमें प्राइवेट स्कूलों में पढ़ने वाले ऐसे बच्चों को मुफ्त शिक्षा प्रदान करना प्रमुख है, जिन्होंने कोविड-19 की वजह से अपने माता-पिता को खो दिया है। 'महतारी दुलार योजना' के तहत ऐसे बच्चों की पढ़ाई का खर्च छत्तीसगढ़ सरकार वहन कर रही है। इसके अलावा नीति आयोग की रैंकिंग में भी छत्तीसगढ़ ने बेहतर प्रदर्शन किया है।
नीति आयोग की एसडीजी इंडिया इंडेक्स रिपोर्ट 2020-21 के अनुसार, सतत विकास लक्ष्यों के लैंगिक समानता पैरामीटर पर छत्तीसगढ़ भारत में शीर्ष प्रदर्शन करने वाला राज्य है। नीति आयोग 15 संकेतकों पर सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की प्रगति को ट्रैक करता है। पिछले साल, छत्तीसगढ़ ने लैंगिक समानता पैरामीटर पर 43 अंक हासिल किए और भारत में सातवें स्थान पर था। इस साल छत्तीसगढ़ ने 61 अंक हासिल किए और सूची में टॉप पर रहा।