बीजेपी के प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, पूर्व सीएम भूपेश बघेल
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
CG BJP on Bhupesh baghel: लोकसभा चुनाव को लेकर प्रदेश की सियासत गरमाई हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यों को लेकर एक कांग्रेसी नेता का गुस्सा फूट पड़ा है। उसने इस मामले में राजनांदगांव लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की टिकट बदलने की मांग की है। उसने इस संबंध में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र भी लिखा है। अब इस मामले में जमकर राजनीति हो रही है। बीजेपी ने तंज कसते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है। बीजेपी ने कहा कि टिकट बदलने की मांग हो रही है यानी पिक्चर क्लियर है, जनता बीजेपी के साथ है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की हालत खराब हो गई है। भ्रष्टाचार और घोटाले में आकंठ में डूबी कांग्रेस किस मुंह से मतदाताओं से वोट मांगेंगी।
बीजेपी के प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने पांच साल प्रदेश के मुखिया के रूप में काम किया है। उनके लिए एक आम कांग्रेस के कार्यकर्ता की ओर से कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व को टिकट बदलने के लिए पत्र लिखना यह दर्शाता है कि भूपेश बघेल की राजनीतिक स्थिति कैसी है। एक प्रत्याशी के रूप में चुनाव का क्या परिणाम आएगा, इसे लेकर एक कार्यकर्ता चिंता कर रहा है। इस बात पर मुहर लगा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस का कार्यकाल इस प्रदेश में कैसा रहा है।
'पूरे प्रदेश में खिलाफत का माहौल'
भाजपा प्रदेश महामंत्री ने आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जिसने तीन माह पहले अपना कार्यकाल छोड़ा है। उसके खिलाफ न केवल राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र में बल्कि पूरे प्रदेश में खिलाफत का माहौल है। निश्चित रूप से कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व इस बात को संज्ञान में लेगा। पहले कहा जाता था, भूपेश है तो भरोसा है,पर आज एक आम कांग्रेस कार्यकर्ता ने इसकी असलियत सामने रख दी। जनता के बीच में कांग्रेस की क्या स्थिति होगी इस बात को समझा जा सकता है। कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं का सामना आज ठीक से नहीं कर पा रही है। कार्यकर्ता कोई प्रश्न करता है उसका निरकारण कैसे होगा। कांग्रेस इतनी कमजोर कैसे हो गई। उन्होंने तो उस कार्यकर्ता को पहचानने से इनकार कर दिया। कांग्रेस का कार्यकर्ता राजनांदगांव लोकसभा में किस मूड में बैठा है और किस तरह उनकी खिलाफत करेगा यह परिणाम अपने आप सामने आएगा। दुर्भाग्य की बात है कि पहले परदे के पीछे बात होती थी, आज कार्यकर्ता भरे मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री के सामने अपनी नाराजगी जता रहे हैं।
'कांग्रेस नेता बदनामी के डर से भयभीत'
श्रीवास्तव ने कहा कि अभी तक कांग्रेस नेताओं पर सिर्फ भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे थे। अब तो उनके खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज होने लगी है। कांग्रेस नेता बदनामी के डर से भयभीत हो गए हैं। इसलिए कांग्रेस नेता रामकुमार शुक्ला ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खड़गे को पत्र लिखकर राजनांदगांव के कांग्रेस प्रत्याशी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मैदान से हटाने की स्पष्ट मांग की है। उन्होंने यहां तक कह डाला कि भूपेश बघेल के कारण कांग्रेस के कई कार्यकर्ता और अधिकारी जेल में हैं और यदि वे चुनाव लड़ते हैं तो इससे कांग्रेस की अन्य सीटे भी प्रभावित होगी।
जानें क्या है मामला
दरअसल, कांग्रेस नेता रामकुमार शुक्ला ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखकर राजनांदगांव सीट से भूपेश बघेल की टिकट काटने की मांग की है। उनका कहना है कि भूपेश बघेल के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद से पार्टी को बदनामी झेलनी पड़ रही है। अपने पत्र में शुक्ला ने आगे लिखा है कि भूपेश बघेल के कारण सभी सीटें प्रभावित हो रही हैं। भूपेश बघेल पर महादेव एप से पैसे लेने के आरोप लगे हैं। बघेल के कारण कई अधिकारी और कांग्रेस नेता जेल में हैं।