बीजापुर में कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए चोरी की घटना में शामिल पांच बालकों को और गांजा बेचते मां बेटे को गिरफ्तार किया है।पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सेंट थॉमस स्कूल के मैनेजर ने बीजापुर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि बीते शुक्रवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों द्वारा स्कूल कार्यालय में रखे कम्प्यूटर उपकरण व आलमारी में रखे 76600 रुपये नगद राशि चोरी कर ले गए हैं।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर बीजापुर थाना द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घण्टे के भीतर घटना में शामिल पांच बालकों को चोरी की संपत्ति व नगद राशि के साथ पकड़ा गया। बालकों से पूछताछ करने पर सभी ने स्वीकार किया कि वे अपना शौक पूरा करने के लिए चोरी की घटना को अंजाम दिया है। कोतवाली थाना द्वारा बालकों के विरुद्ध भादवि की धाराओं में वैधानिक कार्यवाही करते हुए किशोर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
वहीं दूसरी घटना में रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुराना बस स्टैंड बीजापुर निवासी क़ादिर खान पिता अब्दुल सलाम खान व उसकी माता मुमताज बेगम पति अब्दुल सलाम के द्वारा अवैध गांजा रखकर पुड़िया बनाकर बेचा जा रहा हैं। सूचना पर बीजापुर थाना प्रभारी व टीम द्वारा मुमताज बेगम के निवास स्थान पर दबिश देकर वैधानिक कार्यवाही करते हुए मुमताज बेगम के कब्जे से पेटी के अंदर रखे मादक पदार्थ गांजा व बेचे गये गांजा की राशि 98420 रुपये नगद गवाहों के समक्ष जब्त किया गया। प्रकरण में मुमताज बेगम व क़ादिर खान के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में वैधानिक कार्यवाही करते हुए आरोपियों को न्यायालय के समक्ष न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया है।