रक्तदान और स्वास्थ्य परीक्षण का आयोजन
- फोटो : अमर उजाला
कलेक्टर एवं अध्यक्ष भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के निर्देश पर जनपद पंचायत बीजापुर द्वारा रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन शनिवार को जनपद पंचायत बीजापुर में किया गया। रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए सीईओ जनपद पंचायत गीत सिन्हा एवं डिप्टी कलेक्टर दिलीप उईके एवं विकास सर्वे ने स्वंय रक्तदान कर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। इस शिविर में रक्तदाताओं में काफी उत्साह देखने को मिला। जिसमें ग्रामीण महिलाओं सहित जन सामान्य ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया और 37 यूनिट से अधिक रक्तदान किया।
कलेक्टर राजेन्द्र कुमार कटारा ने रक्तदान करने वाले नागरिकों को प्रशस्ति पत्र देकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। कलेक्टर कटारा ने बताया कि बीजापुर जिले में एनीमिया पीड़ित महिलाओं की संख्या ज्यादा है जिसके कारण जिला अस्पताल ने पर्याप्त खून की व्यवस्था करनी पड़ती है। इसके लिए जिले के युवा, महिला एवं आम नागरिको को रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया और बहुत ही सुखद परिणाम रहा कि लोगों ने इस शिविर में बढ़चढ़कर हिस्सा लिया।
इसी तरह अन्य ब्लॉक एवं नगरीय निकाय स्तर पर शिविर आयोजित कर रक्तदान के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। शिविर के आयोजक सीईओ जनपद पंचायत बीजापुर गीत सिन्हा ने बताया कि रक्तदान के अलावा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें 150 से अधिक लोगों ने अपना स्वास्थ्य जांच कराया। सीईओ गीत सिन्हा ने बताया कि लोगों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए रक्तदान के लाभ को बताते हुए रक्तदान के प्रति भ्रांतियो को दूर करने की लोगो में जागरुकता लाने का पूरा प्रयास मैदानी अमलो द्वारा किया गया।
रक्तदान शिविर जिला प्रशासन एवं भारतीय रेडक्रास के संयुक्त तत्वाधान में जनपद पंचायत बीजाुपर द्वारा आयोजित किया गया। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर पवन कुमार प्रेमी एवं जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल सहित जिला संगठक भारतीय रेडक्रास सोसायटी के नरवेद सिंह ने रक्तदाओ को विशेष सहयोग किया एवं शिविर में अपनी महती भागीदारी सुनिश्चित की।