सीएम योगी आदित्यनाथ और अमित शाह
- फोटो : अमर उजाला
कबीरधाम जिले के पंडरिया और कवर्धा विधानसभा क्षेत्र में प्रथम चरण के अंतर्गत सात नवंबर को मतदान होना है। कांग्रेस, भाजपा, आप समेत अन्य पार्टी व प्रत्याशी द्वारा प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसी कड़ी में कवर्धा में भाजपा का दो दिन तक बड़ा कार्यक्रम होगा।
तीन नवंबर शुक्रवार को अमित शाह तो शनिवार यानी चार नवंबर को यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ कवर्धा में रोड शो करेंगे। भाजपा कार्यालय से मिली जानकारी अनुसार, तीन नवंबर शुक्रवार को पंडरिया विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी भावना बोहरा के पक्ष में प्रचार करने अमित शाह आ रहे है। अमित शाह सुबह 10 बजे पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रणवीरपुर के स्कूल ग्राउंड (दशहरा मैदान) में विजय संकल्प महारैली में शामिल होंगे।
वहीं, शनिवार यानी चार नवंबर को यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का कबीरधाम जिले के पंडरिया व कवर्धा विधानसभा क्षेत्र में दो कार्यक्रम में शामिल होंगे। सीएम योगी दोपहर दो से तीन बजे तक पंडरिया में आयोजित सभा को संबोधित करेंगे। पंडरिया के बाद सीधे कवर्धा आएंगे, जहां दोपहर 3.30 बजे से रोड शो व आमसभा को संबोधित करेंगे। शाम पांच बजे रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। इस दौरान कवर्धा में भाजपा प्रत्याशी विजय शर्मा के पक्ष में प्रचार करेंगे।
नक्सलियों ने पीएम मोदी और सीएम योगी के दौरे का किया विरोध
वहीं, नक्सलियों की दण्डकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के छत्तीसगढ़ में चुनावी दौरे का विरोध किया है। नक्सली प्रवक्ता विकल्प ने पीएम मोगी और सीएम योगी के चुनावी दौरों का बहिष्कार किया। माओ प्रवक्ता विकल्प भाजपा और कांग्रेस पर ने वादा खिलाफी का आरोप लगाया है।