बालोद जिले के गुण्डरदेही विधानसभा क्षेत्र में इन दोनों सभी प्रत्याशी प्रचार-प्रसार में अपनी ताकत झोंक रहे हैं। भाजपा नेता वीरेंद्र साहू तीन अलग-अलग ब्लॉकों में बड़ी-बड़ी जनसंपर्क कर रहे हैं। जनसंपर्क सभा के दौरान उन्होंने वर्तमान विधायक एवं कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर सिंह निषाद पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि 'केंद्र की योजनाओं को लेकर यहां पर कुंवर सिंह निषाद वाहवाही ही लूट रहे हैं और हमें तो यह जानकारी मिल रही है कि गांव-गांव से विधायक को भगाया भी जा रहा है। यहां की जनता अब पूरी तरह बदलाव की मूड में है।'
कांग्रेस और भाजपा की इस लड़ाई में आम आदमी पार्टी भी चुपके से विधानसभा में अपनी जगह बनाने में कामयाब दिख रही है। आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी जसवंत सिन्हा ने कहा कि 'हम केवल अरविंद केजरीवाल की नो गारंटी को लेकर प्रचार-प्रसार कर रहे हैं, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार शामिल है। यह सब मूलभूत सुविधाएं ही जनता को विकास के शिखर पर पहुंचाती हैं। जब हम लोगों के बीच जा रहे हैं तो उनका जन समर्थन मिल रहा है और यहां की जनता जागरुक है। यहां पर हर बार विधायकों को बदल दिया जाता है। इस बार भी जनता बदलाव के मूड में है।
विकास कार्यों का पड़ा सूखा
वीरेंद्र साहू ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में क्षेत्र में विकास कार्यों का सूखा पड़ा हुआ है। हम जब गांव-गांव जा रहे हैं तो देख रहे हैं कि सरपंच काफी परेशान हैं। कमीशन दे-देकर सरपंचों की आर्थिक स्थिति खराब हो चुकी है। विधानसभा में अब बदलाव की उम्मीद लेकर लोग आशा भरी निगाहों से भारतीय जनता पार्टी की ओर देख रहे हैं और हमें विश्वास है कि इस बार जनता को न्याय जरूर मिलेगा। इस बार भ्रष्टाचारी विधायक को लोग बदल कर रहेंगे।
जनता जागरूक, बदलाव होगा
आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी जसवंत सिन्हा ने कहा कि 'गुण्डरदेही में पिछले 40 वर्षों का इतिहास है कि हर बार यहां पर विधायकों को बदल दिया जाता है। इस बार भी बदलाव की बयान देखने को मिल रही है। जनता का रुझान बदलाव की ओर है और हमने जो दिल्ली और पंजाब में मॉडल जनता के सामने रखा है। मूलभूत सुविधाओं की अनोखे ढंग से आपूर्ति हुई है। इस विकास के मॉडल को लेकर हम जनता के बीच जा रहे हैं। हमने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजलीस, पानी और इंफ्रास्ट्रक्चर सभी को ध्यान में रखते हुए ऐसी गारंटियां बनाई हैं, जो जनता के हित में हैं।'