हरियाणा के कई जिलों में अग्निपथ भर्ती योजना का विरोध शुरू हो चुका है। गुरुवार को हिसार, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में युवाओं ने इस योजना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। हिसार में सात बास के गांवों के युवाओं ने गांव कंवारी के बस स्टैंड पर अग्निपथ योजना के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया और रोड जाम किया। वहीं चरखी दादरी में भी युवा सड़कों पर उतरे और बस स्टैंड रोड जाम कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर समझाने का प्रयास किया।
चरखी दादरी में सड़क पर उतरे युवा।
भिवानी में गुरुवार सुबह भीम खेल परिसर में सैंकड़ों युवाओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। युवाओं ने इसे सरकार की मनमानी और गलत निर्णय बताया। युवाओं के समर्थन में सामाजिक संगठनों के नेता भी पहुंचे। उन्होंने युवाओं से इस लड़ाई को लड़ने में पूर्ण सहयोग का वादा किया। खेल परिसर में प्रदर्शन करते हुए युवा नरेंद्र, सोमबीर, मुकेश ने कहा कि सरकार महज चार साल के लिए युवाओं को सेना में भर्ती कर रही है।
भिवानी में प्रदर्शन करते युवा।
चार साल के बाद युवा फिर से बेरोजगार हो जाएंगे। इसके बाद उन्हें दूसरी नौकरी मिलनी भी मुश्किल हो जाएगी। ऐसे में सरकार मनमानी योजनाएं लेकर आने के बजाय देश के विकास के कार्य करें, ताकि बेरोजगारी दूर हो सकें। युवाओं ने कहा कि अगर सरकार ने इस फैसले को वापस नहीं लिया तो वे आंदोलन करने को मजबूर हो जाएंगे।