चंडीगढ़ में पीएम मोदी के जन्मदिन पर पकौड़े बेचते युवा कांग्रेसी।
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुक्रवार को युवा कांग्रेस के नेताओं ने बेरोजगारी दिवस मनाया। युवा कांग्रेस के नेताओं ने सेक्टर 17 के नीलम सिनेमा के सामने प्लाजा में स्टाल सजाया। युवा कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय बेरोजगारी दिवस मनाते हुए पकौड़े और समोसे सहित अन्य सामान बेचा। युवा कांग्रेस के नेताओं ने बूट पॉलिश भी की।
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़: नौ बजे खुलने वाले स्वास्थ्य केंद्र पर लटका था ताला, स्वास्थ्य सचिव ने पूछा तो हर कर्मचारी का अलग था बहाना
चंडीगढ़ युवा कांग्रेस के प्रधान मनोज लोबाना ने बताया कि नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बने सात वर्ष से अधिक हो गए। उन्होंने हर वर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था। लेकिन बेरोजगारी काफी बढ़ गई है। सरकार को चाहिए कि वह युवाओं को रोजगार दे। पीएम बनने से पहले देश के युवाओं को सुनहरे सपने दिखाए लेकिन जब सपने साकार कराने की बात आई तो वे कुछ नहीं कर रहे हैं। देश की सार्वजनिक संपत्तियां बेचने पर लगे हैं।
युवाओं के माता-पिता भी परेशान हैं। परेशानी सहकर अपने बच्चों को ज्यादा फीस देकर पढ़ाया लेकिन लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी रोजगार नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में युवा परेशान हैं। युवाओं के सपने टूट रहे हैं। युवाओं का कहना है कि बहुत सारे विद्यार्थी पिछड़े क्षेत्रों से कॉलेज की पढ़ाई करने आते हैं लेकिन लाखों की फीस देने के बाद भी उन्हें 10 हजार रुपये प्रतिमाह की नौकरी नहीं मिल पा रही है। बहुत सारे युवा पीएचडी करने के बाद भी बेरोजगार घूम रहे हैं।