पंजाब में वीवीआईपी या सुरक्षा कारणों के चलते जिन लोगों को पुलिस सुरक्षा मिली हुई है, अब उनका सुरक्षा पहरा मजबूत होगा। ऐसे लोगों की सुरक्षा में नौजवान व प्रशिक्षित पुलिस मुलाजिम तैनात किए जाएंगे। इसके लिए गृह विभाग ने काम शुरू कर दिया है। एक तरफ जहां सभी वीआईपी की सुरक्षा को रिव्यू किया जा रहा है, तो दूसरी तरफ युवा नौजवान पुलिस मुलाजिमों को ट्रेनिंग देकर इस काम के लिए तैयार किया जा रहा है। उम्मीद है कि जैसे ही यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। उसके बाद सारी स्थिति का आंकलन करने के बाद पुलिस मुलाजिम तैनात कर दिए जाएंगे।
पंजाब में गत दिनों हिंदू नेता सुधीर सूरी और डेरा प्रेमी की हत्या के बाद राज्य हरकत में आ गई थी। इसके चलते वीआईपी सुरक्षा व हथियारों को रिव्यू का फैसला लिया गया था। इसी बीच कई वीआईपी ने मुद्दा भी उठाया था कि उनके साथ जो पुलिस मुलाजिम तैनात किए गए हैं, वह उनकी सुरक्षा में सक्षम नहीं हैं। इसके बाद सरकार ने इस दिशा में कदम बढ़ाया है। ऐसे में अब तक किया गया है कि सुरक्षा का जिम्मा पूरी तरह से 2010 के बाद भरती हुए पुलिस नौजवानों को दिया जाएगा।
सभी जिलों में ऐसे नौजवानों पुलिस मुलाजिमों चयनित कर ट्रेनिंग करवाई जा रही है। इसके लिए पुलिस ट्रेनिंग अकादमी के माहिर ट्रेनिंग देने का जिम्मा उठा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों की माने तो गत समय हुई घटनाओं से पुलिस को काफी कुछ नया सीखने को मिला है। इसे पुलिस सबक के तौर पर ले रही है। जहां खामियां रह गई थी। उनको पूरा करने की दिशा में काम किया जा रहा है। याद रहे कि पूरे पंजाब में 500 से अधिक ऐसे लोग है, जिन्होंने पुलिस सुरक्षा ली हुई है।
ऐसे दी जाएगी सुरक्षा
पुलिस हर जिले में जिन लोगों को सुरक्षा मिली है, उसकी समीक्षा कर रही है। इसमें पुलिस देख रही है कि इन लोगों की जान को कितना और किस तरह का खतरा है । यह रिव्यू जिला पुलिस व इंटेलीजेंस एजेंसियों के आधार पर किया जा रहा है। जब खतरे की वजह पता चल जाती है, उसके बाद पुलिस जवानों की नियुक्त के बारे में फैसला लिया जाएगा। हालांकि ट्रेनिंग सेशन चल रहे है। इसमें निर्धारित मानकों को पूरा किया जा रहा है। इसके अलावा ट्रेनिंग से लेकर रिप्लेसमेंट के बारे मंथन चल रहा है।
वीआईपी की सुरक्षा गंभीर विषय
वीआईपी की सुरक्षा का मामला गंभीर विषय है। हमारी कोशिश है कि जिसे भी पुलिस सुरक्षा दी जाए, उसे काबिल और युवा नौजवान पुलिस कर्मी मुहैया करवाए जाए। ताकि किसी भी विपरीत स्थिति में वह आसानी से निपट पाए। इसके अलावा जो भी कलाकर या व्यक्ति हथियारों की महिमा मंडन करेगा, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-सुखचैन सिंह आईजी हेडक्वार्टर पंजाब पुलिस