चंडीगढ़। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड और इंडियन सर्टिफिकेट ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन के बारहवीं के नतीजे आने के बाद उच्च शिक्षा विभाग ने शहर के 11 सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी कॉलेजों में दाखिला प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसे लेकर शुक्रवार को विभाग के अधिकारियों ने प्रोस्पेक्टस जारी किया। दाखिले के लिए ऑनलाइन पोर्टल 10 अगस्त से शुरू होगा। इसके लिए विद्यार्थियों को www.dhe.chd.gov.in वेबसाइट पर जाकर आवेदन करना होगा। दाखिले के लिए उम्मीदवार एक साथ तीन से पांच कॉलेजों के लिए आवेदन कर सकते हैं। दाखिला प्रक्रिया सेंट्रलाइज्ड और ऑनलाइन होगी।
उच्च शिक्षा विभाग के सचिव एसएस गिल ने शुक्रवार को कॉलेजों में सेंट्रलाइज्ड दाखिले को लेकर प्रोस्पेक्टस जारी किया। इस दौरान निदेशक रूबिंदरजीत सिंह बराड़ व उच्च शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रोस्पेक्टस में दाखिले की तारीखें, कोर्स की सीटें व निर्देश, मुख्य तारीखे व दाखिले की विस्तृत प्रक्रिया और कॉलेजों की संपूर्ण जानकारी दी गई है। कोरोना महामारी को देखते हुए इस बार पूरी दाखिला प्रक्रिया ऑनलाइन ही रखी गई है। इसलिए उम्मीदवारों के लिए खास निर्देश हैं कि वे अपना मोबाइल नंबर और ई-मेल सही उपलब्ध करवाएं। उम्मीदवारों को आवेदन के बाद सभी जानकारी के लिए संदेश भेजा जाएगा। हर कॉलेज में उम्मीदवारों के प्रश्नों केजवाब व उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हेल्प डेस्क बनाई गई है। दाखिले के लिए जरूरी कागजातों की जानकारी प्रोस्पेक्टस के अंतिम चरणों में दी गई है। मेरिट के आधार पर पहले प्रोविजनल और उसके बाद फाइनल मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी।
इतनी होंगी सीटें
सेंट्रलाइज्ड स्नातक कोर्स - 6925
नॉन सेंट्रलाइज्ड स्नातक कोर्स - 9725
नॉन सेंट्रलाइज्ड परास्नातक कोर्स - 3390
पोस्ट डिप्लोमा कोर्स - 880
दाखिले के लिए मुख्य तारीखें
10 से 18 अगस्त तक ऑनलाइन अप्लाई करना होगा।
21 अगस्त को दोपहर 11 बजे तक यदि कोई गलती रही है तो उसे ठीक कराने के लिए अप्लाई किया जा सकेगा।
23 अगस्त शाम पांच बजे तक गलती को ठीक कराया जा सकेगा।
25 अगस्त को पहली प्रोविजनल मेरिट लिस्ट जारी होगी।
28 अगस्त को फाइनल मेरिट लिस्ट अपलोड की जाएगी।
85 प्रतिशत शहर के विद्यार्थियों के लिए सीटें आरक्षित
चंडीगढ़ के सरकारी व निजी कालेजों में 85-15 के अनुपात पर दाखिला होता है । कॉलेजों में 85 फीसदी सीटें शहर के स्कूलों से ग्यारहवीं व बारहवीं कक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों के लिए आरक्षित हैं। वहीं 15 फीसदी सीटें दूसरे राज्यों के विद्यार्थियों के लिए हैं।
इन कॉलेजों में होगा दाखिला
पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेेंट कॉलेज-11, पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स -11, पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स-42, पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेेंट कॉलेज-46, गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन-50, डीएवी कॉलेज-10, श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज-26, श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज फॉर वुमन-26, एसडी कॉलेज-32, एमसीएम डीएवी कॉलेज फॉर वुमन-36, देव समाज कॉलेज फॉर वुमन-45 आदि शामिल हैं।