मनीमाजरा। ग्यारह महीने पहले सड़क दुर्घटना में हुई महिला की मौत के मामले में मनीमाजरा थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश के बाद शनिवार को कार चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में धारा 279, 338, 304- ए तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान सेक्टर-19ए के विजयपाल सिंह के रूप में हुई है, जो चंडीगढ़ पुलिस से रिटायर्ड हो चुके डीएसपी है। पुलिस के अनुसार, इंदिरा कालोनी निवासी लखनपाल ने पुलिस को बताया कि पिछले वर्ष 23 अक्टूबर को अपनी पत्नी बादमी के साथ रेहड़ी रिक्शा पर अपने घर जा रहा था। जैसे ही वो होटल ड्रीमलैंड के पास पहुंचा तो विजयपाल सिंह की कार ने उसकी रेहड़ी को टक्कर मार दी। इस टक्कर में उसकी पत्नी बुरी तरह घायल हो गई। वहीं सूचना पाते ही मौके पर पहुंची
पीसीआर महिला को इलाके के जीएमसीएच-32 लेकर गई। जहां पर उसकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। इसके बाद लखनपाल ने इसकी शिकायत पुलिस को दी, लेकिन काफी कोशिशों के बाद जब पुलिस ने उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की तो विजयपाल ने मामले को कोर्ट में लेकर गया। जहां से कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी विजयपाल सिंह खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी ।