चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के हिंदी विभाग की ओर से सुखना लेक पर शनिवार सुबह हिंदी दिवस के मौके पर हिंदी वॉक का आयोजन किया गया। इसमें पीयू के लगभग 150 विद्यार्थी, शोधार्थी, अधिकारी, कर्मचारी और अन्य विभागों के शिक्षक एवं शहर के हिंदी प्रेमियों ने शिरकत की। इस वॉक को विभाग के दिव्यांग विद्यार्थी अनुज और रोहित कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
हिंदी विभाग के विद्यार्थियों ने हाथों में खुद तैयार किए प्लेकार्ड लिए हुए थे, जिन पर ‘हिंदी भी अच्छी, अंग्रेजी भी अच्छी, पंजाबी भी अच्छी’ जैसे स्लोगन से न सिर्फ हिंदी बल्कि हर भाषा के प्रति प्रेम करने का संदेश लिखा हुआ था। विभागाध्यक्ष डॉ. गुरमीत सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष हिंदी विभाग ने हिंदी दिवस पर यूनिवर्सिटी परिसर में ‘हिंदी रैली’ निकाली थी। इस वर्ष आम शहरवासियों तक हिंदी प्रेम का संदेश पहुंचाने के लिए विश्वविद्यालय के बाहर आकर सुखना लेक पर हिंदी वॉक का निर्णय किया गया।
हिंदी वॉक के बाद विभाग के विद्यार्थियों ने हिंदी प्रेम के संदेश को सभी तक पहुंचाने के लिए लघु नाटिकाओं का मंचन भी किया। इसमें राहुल संधेर, इंदु और अंजू ने विभिन्न भूमिकाएं अदा कीं। साथ ही शोधार्थी ऊषा और छात्र मयंक द्वारा कई छोटी-छोटी रोचक प्रतियोगिताएं ‘टंग ट्विस्टर और पहेलियां’ आदि करवाई गईं, जिसमें सबने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया। वॉक में शामिल गणमान्य लोगों में सीनेटर प्रवीन गोयल एवं जगदीश मेहता, परीक्षा नियंत्रक प्रो. परविंदर सिंह, जनसंचार विभाग से डॉ. भवनीत भट्टी, दर्शन शास्त्र विभाग से डॉ. पंकज श्रीवास्तव, यूएसओएल के अंग्रेजी विभाग से डॉ. राजेश जायसवाल, समाजशास्त्र विभाग से डॉ. विनोद चौधरी, पीयू प्रेस प्रबंधक जतिंदर मोदगिल, अधीक्षक जनरल ब्रांच सुखदेव शर्मा, इंजीनियर संदीप ग्रोवर और उद्यान विभाग के प्रमुख अनिल ठाकुर, प्रो. नीरजा सूद, प्रो. सत्यपाल सहगल, प्रो. बैजनाथ प्रसाद और डॉ. अशोक कुमार उपस्थित रहे।
इस अवसर पर हिंदी में हस्ताक्षर को प्रोत्साहित करने के लिए एक बोर्ड रखा गया था, जिस पर सभी लोगों ने हिंदी में हस्ताक्षर किए। सुखना लेक पर सैर के लिए आए नागरिकों में भी इस वॉक के प्रति उत्सुकता देखी गई और बहुत से लोगों ने हिंदी विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए विभाग के लोगों को इसके लिए बधाई दी।