चंडीगढ़। सेक्टर-9 स्थित यूटी सचिवालय के पीछे प्रशासन की एक महिला अधिकारी के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर सचिवालय में ही काम करने वाले ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की पहचान सेक्टर-23 निवासी शमशेर सिंह (57) के रूप में हुई है। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रशासन के एक विभाग में ड्राइवर के पद पर तैनात है। जिस जगह पर घटना हुई, उसके ठीक सामने पुलिस मुख्यालय है। जहां डीजीपी के अलावा कई वरिष्ठ अधिकारी बैठते हैं। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सेक्टर-9 स्थित यूटी सचिवालय में तैनात हैं। ड्यूटी से छुट्टी होने पर आरोपी शमशेर सिंह पिछले करीब 15 दिनों से उनका पीछा कर रहा था। सोमवार शाम को जब वह ड्यूटी के बाद घर जाने लगीं तो आरोपी ने फिर से पीछा करना शुरू कर दिया। इस दौरान आरोपी ने सचिवालय के पीछे उनके साथ छेड़छाड़ भी की। इसके बाद पीड़िता ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने आरोपी शमशेर सिंह को गिरफ्तार कर लिया।