पंजाब के जालंधर में मारे गए इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी संदीप नंगल अंबिया की पत्नी रुपिंदर कौर ने सीएम भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर का आभार जताया है। शुक्रवार को जालंधर में रुपिंदर कौर ने कहा कि उनकी वजह से ही आज हत्यारोपी जेल की सलाखों के पीछे बंद है। वहीं उन्होंने ये भी कहा कि हत्या में शामिल अभी और भी कई लोग खुलेआम घूम रहे हैं। अभी तक उन्हें इंसाफ नहीं मिला है, हालांकि उम्मीद है कि इंसाफ मिलेगा।
रुपिंदर कौर ने कहा कि सुरजन चट्ठा हत्या का मास्टर माइंड है। पिछले साल भी उन्होंने लाइव होकर अपील की थी। पुलिस अधिकारियों से भी मिली थी, लेकिन किसी ने उनकी नहीं सुनी थी। जब वह संदीप की बरसी पर भारत आई थीं तो उन्होंने भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर के साथ मुलाकात कर गुहार लगाई थी कि हत्यारोपी सरेआम घूम रहे हैं। उन्होंने डॉ. गुरप्रीत कौर को हत्या में शामिल लोगों के नाम सभी तथ्यों के साथ दिए थे। जिस पर उन्होंने आश्वासन दिया था कि वह सारे मामले की जांच करवा कर कार्रवाई करवाएंगी। उन्होंने कहा कि उसी मुलाकात का परिणाम है कि पुलिस ने जांच के बाद हत्या के मास्टर माइंड सुरजन चट्ठा को गिरफ्तार कर लिया है।
रूपिंदर कौर ने सुरजन चट्ठा की गिरफ्तारी का क्रेडिट मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनकी धर्मपत्नी को दिया। उन्होंने हत्या की साजिश रचने के आरोपी सुरजन चट्ठा को गिरफ्तार किए जाने पर सरकार का आभार भी जताया है। साथ ही सरकार से यह भी अपील की है कि जो अन्य आरोपी बाहर घूम रहे हैं, उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाए।