प्रधानमंत्री पूछते हैं कि सोनीपत में स्वच्छता को लेकर लोगों का कितना विश्वास बढ़ा है। इस पर अंकित कहते हैं कि पहले के मुकाबले अब ज्यादा प्रेरित हुए हैं और आपको देखकर और ज्यादा प्रोत्साहित हुए हैं। प्रधानमंत्री कहते हैं कि मैं ज्यादा एक्सरसाइज नहीं करता लेकिन शरीर के लिए जितना खाना व सोना चाहिए, नहीं कर पा रहा हूं लेकिन अनुशासन को पूरी तरह फॉलो करता हूं।
प्रधानमंत्री ने अंकित बैंयापुरिया की सराहना की और कहा कि सोशल मीडिया का कैसे सकारात्मक इस्तेमाल होता है, उसका आपने बेहतर उदाहरण प्रस्तुत किया है। आपके कारण काफी युवा प्रेरित होकर स्वच्छता के प्रति जागरूक हुए हैं। अंकित ने कहा कि आपसे मिलने का सपना था जो आज पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि जी-20 की व्यवस्था देखकर हर भारतीय को गर्व महसूस हो रहा है।
75 डेज चैलेंज के बारे में पीएम ने पूछा
प्रधानमंत्री ने अंकित से पूछा कि आप 75 डेज चैलेंज में क्या करते हैं? इस पर अंकित ने बताया कि इसमें पांच नियम अपनाने होते हैं। इसमें सुबह शाम इंडोर व आउटडोर गेम खेलने हैं। चार गिलास पानी पीना है, किसी भी किताब के 10 पन्ने पढ़ते हैं। इस नियम में तहत मैं श्रीमदभागवत कथा पढ़ चुका हूं अब शिव पुराण पढ़ रहा हूं। इसके अलावा डाइट फॉलो करनी है और रोजाना प्रोग्रेस ट्रैक करने के लिए सेल्फी लेनी है। प्रधानमंत्री ने इन नियमों को सुनकर अंकित को शाबासी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यों से लोग स्वच्छता के प्रति प्रेरित हुए हैं। प्रधानमंत्री ने अंकित को बधाई देते हुए निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
वीडियो साझा कर पीएम ने लिखी ये बात
प्रधानमंत्री मोदी ने अंकित के साथ स्वच्छता अभियान का वीडिया साझा किया और लिखा है कि आज जब देश स्वच्छता पर ध्यान केंद्रित कर रहा है, अंकित बैयांपुरिया और मैंने भी वही किया। स्वच्छता के अलावा, हमने इसमें फिटनेस और खुशहाली को भी शामिल किया है। यह सब स्वच्छ और स्वस्थ भारत की भावना के बारे में है।