गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को अगले 48 घंटे में राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग की मानें तो अगले 36-48 घंटे के भीतर मानसून चंडीगढ़ में दस्तक दे सकता है। इस समय अरब सागर में अनुकूल स्थितियां बन रही हैं। इससे उम्मीद जताई जा रही है कि मानसून अपने तय समय चंडीगढ़ में एंट्री मारेगा।
आमतौर पर चंडीगढ़ में मानसून एक जुलाई को पहुंचता है। जिस तरह से मानसून आगे बढ़ रहा था, उससे संभावना व्यक्त की जा रही थी कि मानसून तय समय से दो दिन पहले चंडीगढ़ में पहुंच जाएगा, लेकिन दो दिन से उसकी रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ गई है। अब मानसून 30 जून तक पहुंचेगा।
जुलाई का पहला हफ्ता भीगा-भीगा रहेगा
मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि जुलाई का पहला भीगा-भीगा रहेगा। 30 जून से लेकर 6 जुलाई तक अच्छी बारिश के संकेत मिल रहे हैं। इससे गर्मी और उमस दोनों से छुटकारा मिलने की उम्मीद है। इस पूरे अवधि के दौरान मानसून सक्रिय रहेगा। इससे अच्छी बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही है। एक-दो दिन तो 50 से 70 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा सकती है।
दो दिन बादल और हल्की बौछारें
मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि अगले दो दिन चंडीगढ़ में बादल छाए रहेंगे। एक-दो इलाकों में बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं। सोमवार को चंडीगढ़ में बादल छाए रहे। बारिश की संभावना भी बनी, लेकिन बौछारें मोहाली में पड़ीं। इससे तापमान में थोड़ी नरमी देखी गई। दिन का तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम था। हालांकि रात का तापमान ज्यादा रिकार्ड किया गया। रविवार रात 28.6 डिग्री सेल्सियस तापमान था, जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा था। आने वाले समय में दिन का तापमान 34 डिग्री के आसपास और रात के तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।