वहीं दक्षिणी-पश्चिमी जिलों में आंधी व अंधड़ चलेंगी। इसके अलावा अधिकतर स्थानों पर हवाओं के बदलाव और विपरीत हवाओं के मिलन से आंशिक बादलवाही देखने को मिलेगी। वर्तमान में मौसम प्रणाली से एक-दो दिन की राहत मिलने के बाद एक बार फिर से भीषण गर्मी रफ्तार पकड़ेगी। मगर 20 मई से 23 मई तक हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर राहत की बारिश होने की प्रबल संभावनाएं बन रही हैं।
उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में भीषण गर्मी और प्रचंड लू ने लोगों का जीना बेहाल कर दिया है। हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान लगातार 45.0 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। प्रदेश के जिन आठ जिलों में रविवार को पारा 47.0 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है उनमें हिसार, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, सिरसा, फतेहाबाद, झज्जर, जींद व रोहतक शामिल हैं।
मैदानी राज्यों राजस्थान, हरियाणा, एनसीआर, दिल्ली में जारी भीषण गर्मी और लू का दौर अभी अगले 24 घंटों तक जारी रहेगा। इस वजह से भारतीय मौसम विभाग ने हरियाणा के पश्चिमी दक्षिणी जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है और शेष हरियाणा में ऑरेंज अलर्ट जारी है। भीषण गर्मी की प्रमुख वजह पश्चिमी राजस्थान पर ऊपरी वायुमंडलीय स्तरों पर एक प्रति चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है, जिसकी वजह से मरुस्थलीय पश्चिमी शुष्क और गर्म हवाओं का सीधा प्रभाव मैदानी राज्यों राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर व उत्तर प्रदेश पर पड़ रहा है। इसके अलावा कोई प्रभावी मौसम प्रणाली पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं हो रहा है, जिसकी वजह से गर्मी अपना तांडव दिखा रही है।
रविवार को अधिकतम तापमान की स्थिति (डिग्री सेल्सियस में)
- बालसमंद, हिसार- 49.2
- सिवानी, भिवानी- 48.8
- सिरसा एडब्ल्यूएस- 48.6
- गुरुग्राम- 48.1
- रोहतक एडब्ल्यूएस- 47.7
- नारनौल -47.5
- जींद- 47.3
- हिसार- 47.3
- सोनीपत- 47.2
- झज्जर- 47.1
- फतेहाबाद- 47.0
- पेहवा, कुरुक्षेत्र- 45.9
- कौल, कैथल- 44.7