चंडीगढ़। अफगान स्टूडेंट्स यूनिटी ग्रुप इन चंडीगढ़ केकार्यकर्ताओं से पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने बातचीत की। उनकी समस्याएं जानीं और उसके बाद उन्होंने समस्या समाधान का आश्वासन दिया। कहा कि वह अफगान छात्रों के हर दुख-दर्द में साथ हैं। वे अपनी शिकायतें लिखित में उन्हें दें।
अफगान छात्रों की प्रेस वार्ता सेक्टर-36 स्थित पीपुल्स कंवेंशन सेंटर में चल रही थी। उसी दौरान पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू पहुंच गए। वह किसानों के साथ बातचीत करने पहुंचे थे। अफगान छात्रों के साथ वह कुछ देर बैठे और इसी बीच उनकी छात्रों से पांच मिनट बातचीत हुई। उनके साथ कार्यकारी अध्यक्ष कुलजीत सिंह नागरा भी थे। छात्रों ने उन्हें बताया कि तालिबान पर उनका भरोसा नहीं है। उनके कई छात्र साथी वहां फंसे हैं, उन्हें निकालने में मदद की जाए। इसके अलावा यहां किराये पर रह रहे छात्रों के पास पैसे नहीं हैं। कई समस्याएं आ रही हैं। इन पदाधिकारियों ने कहा कि जल्द से जल्द उनकी समस्याओं का निदान करवाने की कोशिश की जाएगी।
युवसत्ता ने दी 21 राशन किट
प्रेस वार्ता के दौरान युवासत्ता संस्था के संयोजक प्रमोद शर्मा ने कहा कि अफगानिस्तान की भारत के साथ अच्छी दोस्ती रही है, इसलिए छात्रों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। युवासत्ता के सुरिंदर कुमार कंसल ने अफगान छात्रों को 21 सूखे राशन की किट व 21 हजार रुपये मदद के लिए दिए। पीपुल्स कंवेंशन सेंटर के अवतार सिंह पॉल, मुजद्दीदी एजुकेशन सोसाइटी मनीमाजरा के अध्यक्ष मौलवी मोहम्मद इमरान सिद्दीकी ने कहा कि चंडीगढ़ व पंजाब सरकार को अफगान छात्रों की समस्याओं का निदान करना चाहिए। अफगान छात्र संगठन के पदाधिकारी अब्दुल मुनीर काकर ने अपनी व्यथा बताई। वहीं इस मदद केलिए सभी का आभार जताया।