फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PU Student Council Elections: पंजाब यूनिवर्सिटी में आज मतदान, मैदान में 131 उम्मीदवार, शाम तक आएंगे परिणाम

Wed, 06 Sep 2023 12:09 AM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

पंजाब यूनिवर्सिटी में बुधवार को 29 विभागों में 68 विभागीय प्रतिनिधियों के पदों पर भी चुनाव होंगे। विवि और कॉलेजों में सुबह साढ़े 9 बजे मतदान की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। मतदान के बाद दोपहर में मतगणना शुरू होगी और बुधवार को ही देर शाम तक पीयू समेत सभी कॉलेजों के नतीजे आ जाएंगे।
विज्ञापन
पीयू कैंपस में फ्लैग मार्च निकालती पुलिस। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब यूनिवर्सिटी के साथ चंडीगढ़ के 10 कॉलेजों में बुधवार को छात्रसंघ चुनाव होंगे। विवि और कॉलेज प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। इस बार कुल 131 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इनमें से 21 पंजाब यूनिवर्सिटी और 110 उम्मीदवार कॉलेजों में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। 

विज्ञापन


पीयू में अध्यक्ष पद पर 9 और उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद के लिए 4-4 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। पीयू में इस बार चारों पदों पर लड़कियां, लड़कों को टक्कर दे रही हैं। अध्यक्ष पद पर पीएसयू ललकार की मनिका, महासचिव पद पर सोपू की मेघा नय्यर, उपाध्यक्ष पद पर सथ की रनमीकजोत कौर और संयुक्त सचिव के पद पर एचपीएसयू की दिकित ने चुनावी मैदान में ताल ठोकी है। 

पंजाब यूनिवर्सिटी में बुधवार को 29 विभागों में 68 विभागीय प्रतिनिधियों के पदों पर भी चुनाव होंगे। विवि और कॉलेजों में सुबह साढ़े 9 बजे मतदान की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। मतदान के बाद दोपहर में मतगणना शुरू होगी और बुधवार को ही देर शाम तक पीयू समेत सभी कॉलेजों के नतीजे आ जाएंगे। इस बार छात्रसंघ चुनाव में पीयू में सेक्टर-14 और सेक्टर-25 परिसर के कुल 15693 छात्र मतदान करेंगे। पीयू में विभिन्न विभागों में चुनाव के लिए कुल 179 बूथ बनाए गए हैं, जहां मतदाता वोट डाल सकेंगे। पीयू प्रशासन की ओर से मंगलवार को ही सभी मतदान केंद्रों पर बैलेट पेपर भेज दिए गए थे। 

विज्ञापन

उधर, शहर के 10 कॉलेजों में अध्यक्ष पद के लिए 31, उपाध्यक्ष के लिए 25, महासचिव पद के लिए 28 और संयुक्त सचिव पद के लिए 26 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। सबसे अधिक 8492 मतदाता सेक्टर-32 के जीजीएसडी कॉलेज में हैं। इसके बाद डीएवी कॉलेज सेक्टर-10 में 8384 मतदाता हैं, जिनमें से 5239 लड़के और 3145 लड़कियां शामिल हैं। वहीं, सेक्टर-26 स्थित श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज में कुल 5954 मतदाता हैं। इनमें लड़कों की संख्या 4658 और लड़कियों की संख्या 1296 है। 

वहीं, सेक्टर-11 के कोएड कॉलेज में करीब 4500 और गर्ल्स कॉलेज में 3870 मतदाता अपने मत का इस्तेमाल करेंगे। सबसे कम करीब 900 मतदाता सेक्टर 50 के गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड बिजनस एडमिनिस्ट्रेशन में हैं। गर्ल्स कॉलेजों में सबसे अधिक 4800 मतदाता एमसीएम में हैं। वहीं, जीसीजी-42 में 3291 और देव समाज कॉलेज फॉर वुमन में 1330 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। 

उम्मीदवारों को मिलेंगे चार बैलेट पेपर 

छात्रों को मतदान के समय चार बैलेट पेपर दिए जाएंगे। इनमें से एक अध्यक्ष, एक उपाध्यक्ष, एक महासचिव और एक संयुक्त सचिव पद के लिए होगा। मतदाता छात्र को बैलेट पेपर पर अपने पंसद के उम्मीदवार के नाम और उसके पैनल कोड के सामने स्टैंप लगाना होगा।  
 
विज्ञापन

पीयू में ये हैं विभिन्न पदों के उम्मीदवार

1. अध्यक्ष पद - विभाग - संगठन
- दविंदर पाल सिंह - फॉर्मेसी - पुसू
- कुलदीप सिंह - पुलिस प्रशासन - एचएसए
- दिव्यांश ठाकुर - एंथ्रोपोलॉजी - सीवाईएसएस
- जतिंदर सिंह - यूआईसीईटी - एनएसयूआई
- मनिका छाबड़ा - समाजशास्त्र - पीएसयू ललकार
- प्रतीक कुमार - यूआईईटी - एसएफएस
- राकेश देशवाल - यूआईएलएस - एबीवीपी
- सक्षम सिंह - यूआईसीईटी - आजाद
- युवराज गर्ग - यूआईएलएस - सोई

2. उपाध्यक्ष:
- अनुराग वर्धान : यूआईईटी - इनसो
- गौरव चौहान - यूआईईटी - आईएसए
- गौरव काशिव - यूआईईटी - हिमसू
- रनमीकजोत कौर - डेंटल विभाग - सथ

3. महासचिव:
- अविनाश यादव - यूआईईटी - एबीवीपी
- दीपक गोयत - यूआईएलएस - इनसो
- मेघा नय्यर - वीमन स्टडीज - सोपू
- तरुण तोमर - लॉ - एचएसए

4. संयुक्त सचिव:
- धीरज गर्ग - यूआईईटी - पुसू
- दिकित पाल्डोन - यूआईईटी - एचपीएसयू
- गौरव चहल - यूआईईटी - पीयूएचएच
- कुलविंदर सिंह (किंदी) - यूआईएचटीएम - यूएसओ
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें