पीजीआई जाने के लिए वाहनों को पुलिस ने सेक्टर-11 की तरफ मोड़ दिया। वहीं, पीजीआई चौक से सेक्टर-16 चौक की तरफ आने वाली सड़क को भी बंद कर दिया था। सेक्टर-14/15 विभाजित सड़क पर भी लंबा जाम लग गया। कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह जाम खुलवाया गया। करीब एक बजे कैप्टन अमरिंदर और डेढ़ बजे नवजोत सिंह सिद्धू का काफिला वापस गया तो एक बार फिर जगह जगह वाहन चालकों को जाम से जूझना पड़ा। हालांकि एंबुलेंस को जाने दिया जा रहा था। जाम की वजह से कई जगहों पर एंबुलेंस की भी रफ्तार थम गई।
चौक पर ड्रोन उड़ाते एक हिरासत में
कांग्रेस भवन से करीब 100 मीटर दूरी पर पीजीआई चौक पर ड्रोन उड़ाते हुए पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया है। साथ ही उसका कैमरा भी जब्त कर लिया गया। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह मूलरूप से फिल्लौर का रहने वाला है। एक पार्टी ने उसे ड्रोन उड़ाकर फोटो खींचने के लिए हायर किया है। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने पड़ताल के बाद युवक को छोड़ दिया है।
बाजारों में लगी वाहनों की कतार
कार्यक्रम में आने वाले लोगों ने अपने वाहनों को सेक्टर-15, 11, 10 मार्केट समेत कांग्रेस भवन के आसपास खड़ा कर दिया। इन जगहों पर सैकड़ों की संख्या में वाहनों की कतार लगी थी। इसके अलावा कांग्रेस भवन के पास साइकिल ट्रैक पर भी गाड़ियां खडी़ कर नियमों की धज्जियां उड़ाई गईं। पोल पर भी पोस्टर लगाए गए थे।
बिना अनुमति लगा दिए पोस्टर
मध्य मार्ग पर सेक्टर 17 स्थित मटका चौक से लेकर पीजीआई चौक तक पोस्टरों से स्ट्रीट लाइट के पोल व दीवारों को पाट दिया गया। इसकी न कोई अनुमति ली गई और न किसी को कोई जानकारी दी गई। जबकि शहर में एक पोस्टर लगाने पर भी कड़ी कार्रवाई होती है। इसके बावजूद पोस्टरों को हटाने के लिए पुलिस व अन्य विभागों की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। कार्यक्रम के बाद पोस्टरों को इधर उधर फेंकते हुए भी कई समर्थक दिखे। इस दौरान अधिकारी भी किसी प्रकार की प्रतिक्रिया देने से बचते रहे।