पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम के दौरान बुधवार को राजस्व हलका शामचुरासी में तैनात राजस्व पटवारी नरजीत सिंह को 25,000 रुपये की रिश्वत लेते काबू किया है। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त राजस्व कर्मचारी के विरुद्ध यह केस होशियारपुर के गांव कडियाना निवासी बलदेव सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो से संपर्क कर बताया कि उक्त पटवारी उसकी जमीन का पड़ोसी के साथ तबादला करने और उसका इंतकाल दर्ज करने के बदले 30,000 रुपये रिश्वत मांग रहा है लेकिन बातचीत के दौरान सौदा 25,000 रुपये में तय हुआ है।
प्रवक्ता ने बताया कि जालंधर रेंज की विजिलेंस यूनिट ने शिकायत में लगाए आरोपों की पड़ताल करते हुए जाल बिछाया और पटवारी को दो सरकारी गवाहों की हाजिरी में शिकायतकर्ता से 25,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू कर लिया और रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली। उपरोक्त कर्मचारी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के थाना जालंधर रेंज में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।