घायल से मिलने पहुंचीं मंत्री डॉ. बलजीत कौर।
- फोटो : twitter @DrBaljitAAP
चंडीगढ़ सेक्टर-27/28 के लाइट प्वाइंट पर शनिवार रात पंजाब की सामाजिक सुरक्षा एवं महिला बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर के काफिले में शामिल गाड़ी ने एक स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसा रेड लाइट से पहले चौक पार करने के चक्कर में हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी सवार युवक-युवती हवा में उछलकर दूर जा गिरे। दोनों को काफी चोटें आईं हैं। लड़की की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक राहगीर ने दोनों घायलों को अपनी गाड़ी से जीएमसीएच-32 में पहुंचाया। बाद में मंत्री का सुरक्षाकर्मी और चालक भी अस्पताल पहुंच गए। रविवार को मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने भी घायलों से मुलाकात की।
प्रत्यक्षदर्शी सेक्टर-22 निवासी शिवम ने बताया कि रात लगभग सवा आठ बजे वह पाल ढाबा के सामने सेक्टर-27/28 के लाइट प्वाइंट पर खड़े थे, तभी मंत्री का काफिला निकला। लाइट पीली हो चुकी थी। ऐसे में रेड लाइट होने से पहले काफिले में सबसे पीछे चल रही गाड़ी ने जल्द निकलने के चक्कर में सेक्टर-26 मंडी की ओर से एक्टिवा पर आ रहे युवक-युवती को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के समय युवक एक्टिवा चला रहा था जबकि युवती पीछे बैठी थी। प्रत्यक्षदर्शी शिवम ने ही दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
शिमला के रहने वाले हैं दोनों, निजी कंपनी में करते हैं काम
शिवम ने घायल युवक से उसके बारे में जानकारी हासिल करने का प्रयास किया ताकि घरवालों से बात की जा सके। घायल लड़के ने अपना नाम अंकुश और लड़की का नाम दीक्षा बताया। उसने बताया कि दोनों शिमला के रहने वाले हैं और यहां निजी कंपनी में काम करते हैं। लड़की बेहोश थी और बात करने की स्थिति में नहीं थी।
ढाई घंटे तक घायलों को नहीं मिला इलाज
शिवम ने बताया कि वह दोनों घायलों को लेकर लगभग साढ़े 8 बजे जीएमसीएच-32 पहुंच गए थे। उसके बाद लगभग 11 बजे तक उन्हें इलाज नहीं मिला था। रात 11:20 बजे दोनों का इलाज शुरू किया गया। शिवम ने बताया कि वह दोनों घायलों को वह अपनी गाड़ी से ही अस्पताल ले आए हैं। लड़की के परिचित पंचकूला में थे, जो सूचना पर तत्काल अस्पताल पहुंच गए। वहीं परिजनों को शिमला जानकारी दे दी गई है। वह भी चंडीगढ़ आ रहे हैं।
काफिले के साथ मैं नहीं थी। जैसे ही हादसा हुआ मेरे सुरक्षाकर्मी और गाड़ी चालक अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का इलाज भी कराया है।
-डॉ. बलजीत कौर, सामाजिक सुरक्षा और महिला व बाल विकास मंत्री, पंजाब