पंजाब यूनिवर्सिटी प्रशासन ने लोकसभा चुनाव में चुनाव आचार संहिता को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विभागों में भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगा दी है।
जानकारी के अनुसार लोकसभा चुनाव तक पीयू प्रशासन किसी भी स्तर के इंटरव्यू नहीं करेगा। पीयू प्रवक्ता की ओर से जारी प्रेस नोट में बताया गया है कि पीयू में प्रोग्रामर के तीन पदों के लिए 14 मार्च को इंटरव्यू होने थे।
साथ ही पीयू ने 11 से 13 मार्च तक पीयू में 45 सिक्योरिटी गार्ड की भर्ती के लिए इंटरव्यू की तिथि निर्धारित की थी। इन्हें भी पीयू ने अब स्थगित कर दिया है। इंटरव्यू की नई तिथि की जानकारी बाद में जारी होगी।
चुनाव आचार संहिता लगने के बाद भी पीयू में भर्ती प्रक्रिया के तहत इंटरव्यू करने को लेकर चंडीगढ़ के चुनाव निर्वाचन अधिकारियों को पीयू सीनेट के एक सदस्य ने शिकायत भेजी थी।
इस मामले में पीयू से चुनाव अधिकारियों की ओर से नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया था। पीयू प्रशासन अधिकारियों का कहना है कि किसी तरह के विवाद से बचने के लिए यह फैसला लिया गया है। प्रशासन के इस फैसले से अगले दो-तीन महीने तक पीयू में भर्ती प्रक्रिया रुकने से काफी पदों पर भरती नहीं हो पाएगी।