चंडीगढ़। पंजाब नर्सेज एसोसिएशन के समर्थन में यूटी नर्सेज वेलफेयर एसोसिएशन सोमवार को खरड़ में महारैली करेगी। इसमें जीएमसीएच-32, जीएमएसएच-16, सिविल अस्पताल मनीमाजरा, सेक्टर-22 व सेक्टर-45 के सभी ऑफ ड्यूटी नर्सिंग स्टाफ शामिल होंगे।
यूटी के कन्वीनर और जीएमसीएच-32 नर्सेज वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष डबकेश कुमार ने बताया कि ऑफ ड्यूटी नर्सेज महारैली में शामिल होंगे ताकि अस्पतालों की व्यवस्था प्रभावित न हो। इसमें नियमित के साथ अनुबंध पर काम कर रहे नर्सिंग स्टाफ भी विरोध प्रदर्शन करेंगे, क्योंकि हमारी मांगों में कॉन्ट्रेक्ट पर काम कर रहे नर्सिंग स्टाफ को नियमित करना भी प्रमुखता से शामिल है। डबकेश ने बताया कि विरोध प्रदर्शन का प्रमुख कारण 6वें वेतन आयोग की गलतियों को न सुधारा जाना है, क्योंकि उन गलतियों के कारण पंजाब के साथ यूटी के भी नर्सिंग स्टाफ शोषण का शिकार हो रहे हैं। बार-बार आश्वासन देने के बावजूद सरकार उसमें सुधार नहीं कर रही।